मध्यप्रदेश में योग आयोग का गठन होगा। यह आयोग महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के माध्यम से संचालित होगा। कार्यकाल 5 साल का होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में कैबिनेट बैठक हुई। इसमें योग आयोग के गठन को मंजूरी दे दी गई है। आयोग में स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, सामाजिक न्याय, खेल एवं युवा कल्याण, जनजातीय कार्य, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव शासकीय सदस्य होंगे। इसके साथ ही 5 अशासकीय सदस्य भी होंगे।

कैबिनेट ने मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2022 के माध्यम से सात नई निजी यूनिवर्सिटी को मंजूरी दी है। प्रेस्टीज विश्वविद्यालय इंदौर, टाइम विश्वविद्यालय भोपाल, डॉ. प्रीति ग्लोबल विश्वविद्यालय शिवपुरी, एलएनसीटी विद्यापीठ विश्वविद्यालय इंदौर, अमलतास विश्वविद्यालय देवास, आर्यवर्त विश्वविद्यालय सीहोर और विक्रांत विश्वविद्यालय ग्वालियर की स्थापना का अनुमोदन दिया है। यह प्रस्ताव विधानसभा के मानसून सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा।