लखनऊ  | दरोगा अभय कुमार मिश्र ने सपा के पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र, इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने वाले छह ज्ञात और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन, कोविड प्रोटोकॉल का पालन न करने व महामारी अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।

सपा सरकार में मंत्री रहे अभिषेक मिश्रा ने बिना अनुमति बाइक रैली निकाली। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन किया गया। वहीं निर्वाचन आयोग ने पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू कर रखा है। इसे भी सपा नेता ने दरकिनार कर दिया। बाइक रैली की लाइव वीडियो इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट कर दी। वीडियो की जानकारी होते ही हसनगंज थाने में सपा के पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा सहित 6 नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक रविवार की रात पुलिस को इंस्टाग्राम पर दो विडियो मिले। इस विडियो में कुछ लोग समाजवादी पार्टी के नेता के पक्ष में बाइक रैली निकालते हुए दिखे। वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने जांच कराई तो पता चला कि एक वीडियो चौराहा नंबर 9 से निरालानगर, डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग के बीच का है। जबकि दूसरा विडियो सीतापुर रोड से पक्के  पुल का है। वीडियो की पडताल में पता चला कि इस बाइक रैली में सपा के पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र भी शामिल हुए थे।