कत्ल के बाद घर की छत पर जलाई लाश, आरोपी ने उगले सनसनीखेज राज
भीलवाड़ा। शहर के बहुचर्चित कमला देवी कांकरिया हत्याकांड में पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी रवि तापड़िया ने पूछताछ में अत्यंत खौफनाक खुलासे किए हैं। सुभाषनगर क्षेत्र में बड़ी पुलिया के पास स्थित एक मकान की छत पर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया था। साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपियों ने हत्या के पश्चात छत पर ही शव का अंतिम संस्कार करने की नाकाम साजिश रची।
छत पर चिता बनाकर शव को जलाने का प्रयास
पूछताछ में आरोपी रवि ने स्वीकार किया कि कमला देवी की हत्या करने के बाद शव को पेट्रोल में भीगे कंबल में लपेटा गया। इसके बाद छत पर लगभग सवा क्विंटल लकड़ियां एकत्र कर चिता बनाई गई और उस पर हवन सामग्री, देसी घी तथा एक पीपा पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। करीब ढाई घंटे तक शव छत पर जलता रहा। इस दौरान मुख्य आरोपी हाथ में लाठी लेकर लकड़ियों को कुरेदता रहा तथा कपाल क्रिया की तर्ज पर सिर के हिस्से में बार-बार घी व पेट्रोल डालता रहा।
मटन पार्टी का आयोजन और साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश
वारदात को अंजाम देने के पश्चात आरोपी ने उसी मकान की छत पर करीब 40 लोगों के लिए मटन पार्टी का आयोजन किया। हालांकि शव के अंश पार्टी में परोसने की आशंकाओं की पुलिस जांच में पुख्ता पुष्टि नहीं हो पाई है। आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि राख ठंडी होने के उपरांत हड्डियों और जले हुए अवशेषों को बोरियों में भरकर कोठारी नदी तथा पांडु नाले में बहा दिया गया था।
आरोपियों को न्यायिक हिरासत, चौथे आरोपी की तलाश जारी
भीमगंज थाना पुलिस ने सात दिवसीय रिमांड अवधि समाप्त होने पर मुख्य आरोपी रवि तापड़िया और उसके सहयोगी हीरा सिंधी को अदालत में प्रस्तुत किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी आर्यन उर्फ चूचा पूर्व में ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस अब फरार चौथे आरोपी एवं मुख्य सहयोगी कालू तापड़िया की सरगर्मी से तलाश कर रही है, जिसकी साक्ष्य ठिकाने लगाने में प्रमुख भूमिका रही थी।

बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ चारधाम यात्रा का होगा समापन
कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, लतीफ भट का एनकाउंटर
राष्ट्रीय टेबल टेनिस में उलटफेर, तीन वरीय खिलाड़ी बाहर
सोशल मीडिया भी बन रहा नशा, मोहन भागवत ने लोगों को किया आगाह
किसानों से धान खरीदने की प्रक्रिया शुरू, पहले दिन 2,629 मीट्रिक टन की खरीदी