भोपाल । राजधानी भोपाल की फंदा और बैरसिया जनपदों में वोटों की गिनती पूरी हो गई है। कई पंचायतों में देर रात तक काउंटिंग जारी रही। इनमें इमलिया, सूखी सेवनिया, खामखेड़ा समेत कई पंचायतें शामिल हैं। वोटों की गिनती पूरी होने के साथ ही गांव की सरकार की तस्वीर भी साफ हो गई है। कुल 218 सरपंच चुने गए हैं। वहीं, पंच, जिला और जनपद सदस्यों के लिए भी वोटिंग हुई। अधिकृत घोषणा बाद में की जाएगी। रायपुर पंचायत में लोगों ने मजदूर दारा सिंह को कमान सौंपी है। वह 10वीं तक पढ़े हैं और उनके पास पांच लाख रुपए की संपत्ति है। रायपुर में कुल 13 उम्मीदवार मैदान में थे। दारा सिंह बाजी मार गए। वहीं फंदा जनपद की बड़ी ग्राम पंचायतों में से एक बरखेड़ी अबदुल्ला में नियामत खां सरपंच चुने गए हैं, जो अमेरिका रिटर्न भक्ति शर्मा की सरपंच कुर्सी को रिप्लेस करेंगे। नियामत खां ने खुद को कृषक बताया है और उनका बैंक बैलेंस जीरो है। न ही उनके पास कोई चल-अचल संपत्ति हैं। शैक्षणिक योग्यता भी नहीं बताई गई है। हालांकि, अधिकृत घोषणा बाद में होगी। मुगालियाकोट से प्रतिभा लोधी सरपंच चुनी गई हैं। उनके पास करीब 75 लाख रुपए की संपत्ति हैं, जबकि पति दीवान सिंह लोधी के पास करीब 4 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इस हिसाब से प्रतिभा सबसे अमीर सरपंच बन गई है।
रातीबड़ से ज्योति शर्मा सरपंच चुनी गई। 12वीं पास ज्योति और उनके पति के पास 50 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। रातीबड़ राजधानी से जुड़ी पंचायत है। इसलिए यह अहम मानी जाती है। फंदा जनपद की कलखेड़ा ग्राम पंचायत से संजय पाराशर 41 वोटों से आगे रहे और उन्होंने जीत हासिल कर ली। 53 वर्षीय पाराशर व्यापारी हैं। उनके पास कुल 98 लाख रुपए की संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी उनसे ज्यादा अमीर है। पत्नी के पास 1 करोड़ 14 लाख रुपए की संपत्ति है। मुबारकपुर ग्राम पंचायत से रघुवीरसिंह मीणा के जीतने की खबर आ रही है, जो कांग्रेस के समर्थित हैं। सरवर ग्राम पंचायत से मनोहर मीणा ने जीत हासिल की है। प्रायवेट जॉब करने वाले 38 वर्षीय मनोहर कुल 75 लाख रुपए की संपत्ति के मालिक हैं।
छापरी से वंदना शर्मा, सिकंराबाद से राजेश मारण, तारा सेवनिया से पिंकी मेहरा, सेमरी वाजयाप्त से रजनी अहिरवार, कजरीखेड़ा से विमलेश मीणा सरपंच चुने गए। कोलियाखुर्द में सुरेश भील सरपंच चुने गए। वे बीजेपी समर्थित हैं और मजदूरी करते हैं। बिलखरिया में मिश्रीलाल गुर्जर चुनाव जीत गए। आमोनी पंचायत से किशन यादव सरपंच चुने गए हैं। वे बीजेपी समर्थित बताए जाते हैं। अमझरा से नूर बी चुनाव जीत गई। पड़रिया जाट में रघुवीर मीना जीते हैं। उनके पास करीब डेढ़ करोड़ रुपए की संपत्ति है। झागरिया खुर्द से सुरेश रैकवार जीत गए। पिपरिया जाहीर पीर से बीजेपी समर्थित प्रदीप राजपूत सरपंच चुने गए। खजूरी सड़क से गुलाब बाई पटेल ने जीत हासिल की। 40 वर्षीय गुलाब बाई गृहणी हैं और 10वीं तक पढ़ी है। उनके पास पौने 2 लाख रुपए की चल संपत्ति है, जबकि पति दिनेश सिंह पटेल के पास 3 लाख की चल और करीब 40 लाख रुपए की अचल संपत्ति हैं। वे कांग्रेस समर्थित बताई जा रही हैं। अमरावतकलां से सुरेंद्र लोधी सरपंच बने हैं। वे 68 वोटों से जीत गए। 12वीं पास सुरेंद्र पेशे से कृषक हैं। उनके पास 10 लाख रुपए की चल संपत्ति हैं, जबकि 5 लाख की अचल संपत्ति हैं। बड़झिरी से संतोष पटेल करीब साढ़े 3 सौ वोटों से जीत गए। उनके पास कुल 40 लाख रुपए की संपत्ति है। इसी प्रकार नांदनी ग्राम पंचायत में सरपंच के रूप में कृपामणि वर्मा चुनी गई हैं। 39 वर्षीय कृपामणि पांचवीं पास हैं। डोब पंचायत से महाराज सिंह यादव सरपंच चुने गए। पेश से कृषक महाराज सिंह की उम्र 44 वर्ष है और 50 लाख से ज्यादा की संपत्ति के मालिक हैं। हालांकि, उनकी पत्नी के पौने 75 लाख से ज्यादा की संपत्ति है।