राजस्थान के बाड़मेर जिले की धोरीमन्ना थाना पुलिस ने मूकबधिर बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी दीपक भार्गव ने बताया कि आरोपी सुनील विश्नोई पुत्र साजन राम (21) निवासी गांव कोजा, भजन लाल बिश्नोई पुत्र हरिराम (27) निवासी गांव मीठड़ा को गिरफ्तार किया गया है। 

एसपी ने भार्गव ने बताया कि 24 नवंबर को 20 वर्षीय मूक-बधिर बालिका के साथ अज्ञात युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता के परिजनों ने इस संबंध में धोरीमन्ना थाना में केस दर्ज कराया था। मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई थी। एसपी ने बताया कि पीड़ित बालिका बोल और सुन नहीं पाती थी। मामले की गंभीरता से जांच की गई। पुलिस टीम ने प्रकरण में बारीकी से अनुसंधान कर तकनीकी और आसूचना से कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए दोनों अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सुनील विश्नोई और भजन लाल बिश्नोई से पूछताछ की जा रही है।