भोपाल ।    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ को भावी मुख्यमंत्री बताए जाने वाले होर्डिंग्स प्रदेश के जगह-जगह लगे हैं। प्रदेश कांग्रेस भी उन्हें हर कार्यक्रम में भावी मुख्यमंत्री के तौर पर प्रचारित कर रही है, लेकिन पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने शुक्रवार को भोपाल में कहा कि पार्टी में पहले से कोई घोषणा नहीं होती है। मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह चुनाव परिणाम आने के बाद तय होगा। आज कोई मुख्यमंत्री नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ हैं और हम सब उनके नेतृत्व में काम कर रहे हैं। यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस कहीं भी चेहरा घोषित नहीं करती है। यह पार्टी की व्यवस्था है। मध्य प्रदेश में भी कोई चेहरा नहीं है। मुख्यमंत्री पद पर स्वयं की दावेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और मुझे जब भी जो जिम्मेदारी दी जाती है, उसे निभाता हूं। इधर, यादव के बयान पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि इस बात से यह साफ हो गया है कि कांग्रेस की ओर से चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, यह भी तय नहीं है। यह 2023 में सत्ता आने के तय होगा। कमल नाथ जी अभी केवल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं। जबकि, उनके पूरे प्रदेश में भावी मुख्यमंत्री वाले होर्डिंग्स लगे हैं। वहीं, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने कहा कि जो होर्डिंग्स लगे हैं वे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भावनाएं हैं। वे सभी उन्हें मुख्यमंत्री मानते हैं। मुख्यमंत्री चयन की पार्टी में एक प्रक्रिया है और वे हमेशा होती है।