मोहाली में श्रीलंका को पारी और 222 रन से हराने के साथ ही भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारत भारत का प्वाइंट प्रतिशत बेहतर हुआ है। हालांकि, टीम इंडिया अभी भी पांचवें स्थान पर बनी हुई है। भारत को अभी सात मैच खेलने हैं और इनमें अच्छा प्रदर्शन करके टीम इंडिया लगातार दूसरी बार टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना सकती है। इससे पहले 2021 में भी भारत ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का पहला फाइनल खेला था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को हार का सामना करना पड़ा था।  भारत ने अब तक 54.16 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में ऑस्ट्रेलिया 77.77 फीसदी अंकों के साथ पहले पायदान पर बरकरार है। इसके बाद पाकिस्तान 66.66 फीसदी अंकों के साथ दूसरे, श्रीलंका भी 66.66 फीसदी अंकों के साथ तीसरे और दक्षिण अफ्रीका 60 फीसदी अंकों के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है। 

साल 2023 में टेस्ट चैंपियनशिप का दूसरा फाइनल खेला जाएगा। इससे पहले भारत को श्रीलंका के खिलाफ बेंगलुरु में होने वाले डे-नाइट मैच के अलावा सात टेस्ट खेलने हैं। इन सात में छह मैच एशिया में होंगे। भारत इंग्लैंड में एक टेस्ट, बांग्लादेश में दो टेस्ट और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने देश में चार टेस्ट मैच खेलेगा। इंग्लैंड में होने वाले एकमात्र टेस्ट के अलावा भारत के लिए बाकी सभी मैच जीतना आसान होगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम चुनौती पेश कर सकती है, लेकिन भारत की स्पिन पिच पर हमेशा भारतीय टीम का पलडा भारी रहता है।