लंदन : फुटबॉल विश्व चैंपियन अर्जेंटीना के युवा स्टार एंजो फर्नांडीज इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें चेल्सी ने 121 मिलियन यूरो (करीब 1079 करोड़ रुपये) में खरीदा है। फर्नांडीज ने पिछले साल के अंत में कतर विश्व कप के दौरान शानदार प्रदर्शन किया था। उन्हें यंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला था। फर्नांडीज ने मिडफील्ड में शानदार प्रदर्शन किया था और अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

फर्नांडीज इससे पहले पुर्तगाल के क्लब बेनफिका की ओर से खेल रहे थे। वह पिछले साल जुलाई में बेनफिका के साथ जुड़े थे। तब क्लब ने उन्हें 10 मिलियन पाउंड में खरीदा था। फर्नांडीज ने चेल्सी के साथ साढ़े आठ साल का करार किया गया है।

जैक ग्रीलिश थे सबसे महंगे खिलाड़ी
फर्नांडीज ने प्रीमियर लीग में सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह मैनचेस्टर सिटी और इंग्लैंड के जैक ग्रीलिश से आगे निकल गए हैं। ग्रीलिश को मैनचेस्टर सिटी ने 2021 में इंग्लैंड के ही एस्टन विला क्लब से 100 मिलियन पाउंड में खरीदा था।

चेल्सी ने आठ खिलाड़ियों को खरीदा
चेल्सी की टीम प्रीमियर लीग में फिलहाल 10वें स्थान पर है। उसने जनवरी ट्रांसफर विंडो में आठ खिलाड़ियों को खरीदे हैं। उसने मिखायलो मुद्रिक, बेनोइट बादियाशिले, नोनी माडुएके और पुर्तगाल के स्टार जोआओ फेलिक्स को भी टीम से जोड़ा है। फेलिक्स छह महीने के लिए लोन पर टीम के साथ आए हैं।

बायर्न म्यूनिख के साथ जुड़े कंसेलो
बायर्न म्यूनिख ने सीजन के अंत तक लोन पर मैनचेस्टर सिटी विंग-बैक जोआओ कंसेलो के साथ करार किया है। बायर्न के पास सीजन के बाद कंसेलो को 70 मिलियन यूरो में खरीदने का भी विकल्प होगा। 28 वर्षीय पुर्तगाली डिफेंडर कंसेलो 2019 में जुवेंटस से सिटी में शामिल हुए थे, लेकिन विश्व कप के बाद से मैनेजर पेप गार्डियोला की टीम में उन्हें ज्यादा तवज्जो नहीं मिली।

आर्सेनल ने जोर्जिन्हो को खरीदा
प्रीमियर लीग में शीर्ष पर काबिज आर्सेनल की टीम ने 12 मिलियन पाउंड में चेल्सी से इटली के मिडफील्डर जोर्जिन्हो को खरीदा। माना जा रहा है कि जोर्जिन्हो ने आर्सेनल के साथ 18 महीने का करार किया है। आर्सेनल की टीम 2004 के बाद पहली बार प्रीमियर लीग जीतने का सपना देख रही है। उसने बेल्जियम के फॉरवर्ड लियांड्रो ट्रोसार्ड को ब्राइटन और पोलैंड के डिफेंडर जाकुब किवियोर को इटली के क्लब स्पेजिया से जनवरी में खरीदा था।