राजस्थान दुष्कर्म के मामले में देश भर में पहले नंबर पर है। यहां हर दिन नाबालिग बच्चियों, महिलाओं और युवतियों के साथ गैंगरेप और रेप के मामले सामने आते रहते हैं। मंगलवार को भी प्रदेश के चूरू जिले में एक सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी भी नाबालिग ही बताया जा रहा है।  

मंगलवार को चूरू महिला थाना में एक सात साल की बच्ची की मां ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। शिकायत में उसने पुलिस को बताया कि उसकी सात साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। बच्ची को अकेली खेलता देखकर एक 16 साल का लड़का उसे सुनसान जगह ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

इसी बीच पीड़िता की मां वहां पहुंच गई। उसने देखा कि आरोपी लड़का बच्ची को पकड़े हुए था और उसके साथ जबरदस्ती कर रहा था। बच्ची की मां को देखने के बाद वह वहां से भाग गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग को दस्तायाब करने का प्रयास किया जा रहा है।