नीमच ।   पुरानी कचहरी क्षेत्र में सोमवार रात दो समुदाय में विवाद हो गया। दरगाह के समीप की भूमि पर हनुमान जी की मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद की स्थिति बनी। इस दौरान कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों पक्ष आमने-सामने हुए और पथराव हुआ। बाइक में भी आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़े को तितर-बितर करने के लिए लाठियां भांजी। इसके बाद स्थिति नियंत्रण में हो पाई। प्रशासन ने हालात को देखते हुए नीमच सिटी क्षेत्र में धारा 144 लागू की है। जानकारी के अनुसार पुरानी कचहरी क्षेत्र में दरगाह है। सोमवार शाम बजे दरगाह के समीप कुछ लोगों ने हनुमान जी की मूर्ति की स्थापना करना चाही तो दूसरे पक्ष ने आपत्ति ली। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि उस समय समझाइश के बाद मामला शांत हो गया था। रात करीब आठ बजे यह विवाद बढ़ गया। इस दौरान दोनों समुदायों के लोग एकत्र हो गए। इसके बाद पथराव हो गया। इस दौरान एक बाइक में भी आग लगा दी गई। एसपी सूरज वर्मा ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। लाठिया भी भांजी गईं। इस दौरान दुकानें भी बंद हो गई थीं। स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने नीमच सिटी में धारा 144 भी लगा दी है। आसपास के थाने से पुलिस बल बुलाया गया।