भोपाल । भाजपा चुनाव से पहले ग्वालियर चम्बल में सभी समाजों को साधने में जुट गई है। समाजिक समीकरणों को भाजपा के पक्ष में करने के लिए मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर खुद मैंदान में उतरे हैं। ग्वालियर चम्बल अंचल में मंगलवार को केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सर्व समाज के साथ बैठक की। ग्वालियर में हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के साथ महापौर प्रत्याशी सुमन शर्मा, शहर के विभिन्न समाजों के प्रमुख मौजूद रहे। वहीं भाजपा के स्थानीय नेता भी शामिल हुए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ काम करने वाला राजनीतिक दल है। हम सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे हैं। मंत्री तोमर ने कहा कि चुनाव में इस बार चारों तरफ भारतीय जनता पार्टी के लिए बेहतर माहौल है। भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी समाजसेवी  हैं। भाजपा ने ग्वालियर में सड़क, बिजली, पानी, एलिवेटेड रोड, चम्बल  वाटर प्रोजेक्ट सहित कई अन्य उपलब्धियां सौगातें दी हैं। तोमर के मुताबिक आने वाले समय में भी जब ग्वालियर में नगर निगम भारतीय जनता पार्टी की बनेगी तो राज्य और केन्द्र सरकार के जरिए ग्वालियर के विकास के लिए और कई सौगातें मिलेंगी।


बागी परेशानी नही है, कांग्रेस सपना देख रही
नगर निगम चुनाव में भाजपा के बागियों के द्वारा पार्टी की परेशानी बढ़ाने वाले सवाल पर तोमर ने कहा कि- मुसीबतें तो बनी रहती है, लेकिन परेशानियों का सामना करते हुए आगे  का रास्ता बनाना ही कारीगरी है।। वहीं कांग्रेस के प्रदेश में 10 नगर निगम जीतने के दावे पर तो तोमर ने कहा कि रिजल्ट आने तक सपना देखने का अधिकार सभी को है, कांग्रेस खत्म हो चुकी है। ग्वालियर नगर निगम में मेयर चुनाव में भाजपा की सुमन शर्मा का मुकाबला कांग्रेस की प्रत्याशी शोभा सिकरवार से है। शोभा तीन बार की पार्षद हैं वहीं उनके पति सतीश सिकरवार कांग्रेस के विधायक है। पिछले 50 साल से नगर निगम में भाजपा का कब्जा है, लेकिन इस बार भाजपा-कांग्रेस दोनों के बीच इस बार मुकाबला कड़ा है। लिहाजा भाजपा पर दबाव ज्यादा है।