फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों जीवन, कुछ लोगों को पहेली या परेशानी, तो कुछ लोगों को वरदान लगता है। कुछ लोग इसमें समस्या, चुनौती, अपूर्णता देख इसे हर पल पूर्ण या अपने सपनों जैसा बनाने के लिए प्रयासरत रहते हैं, तो कुछ लोग इस चक्कर से दूर रहकर इसे खुलकर जीते हैं। जो लोग इसमें समस्या, चुनौती, अपूर्णता देखते हैं, ज़िंदगी उन्हें जटिल लगती है। इसीलिए कहा गया है, ‘ज़िंदगी बिलकुल वैसी ही है, जैसा आप इसे देखते हैं।’ इसीलिए मैं अक्सर कहता हूँ कि ज़िंदगी के प्रति ग़लत नज़रिए की वजह से ही लोग इसे जी नहीं पाते हैं। दूसरे शब्दों में कहूँ तो सपनों का जीवन जीने के चक्कर में लोग अपनी ज़िंदगी गँवा देते हैं।

दोस्तों, अगर आप बड़ी सरलता, सहजता के साथ खुश रहते हुए अपना जीवन जीना चाहते हैं तो सबसे पहले जीवन के प्रति अपना नज़रिया बदलें। आईए दोस्तों आज हम जीवन के प्रति सही नज़रिया विकसित करने वाले पंद्रह सूत्र सीखते हैं-

पहला सूत्र - वर्तमान में जिएँ 
दोस्तों, अगर आप जीवन का असली मज़ा लेना चाहते है तो भूत या भविष्य में रहने की जगह वर्तमान में जीना सीखें क्यूँकि जहाँ भूतकाल दबाव, नकारात्मक मनःस्थिती में आपको आपका वर्तमान जीने के लिए मजबूर करता है। वहीं भविष्य में जीना अनिश्चितता के दबाव और तनाव से वर्तमान को प्रभावित करता है। इसके स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से वर्तमान में जीना आपके भविष्य को अपने आप ही सुखद और बेहतर बनाता जाता है।

दूसरा सूत्र - नफ़रत ना करें 
जीवन में कई बार आप अन्याय का शिकार हो जाते हैं और यही अन्याय आपके अंदर उस व्यक्ति के प्रति नफ़रत का भाव पैदा करता है। लेकिन अगर आप सहजता और सरलता से जीना चाहते हैं तो आपको नफ़रत के स्थान पर सकारात्मक रहते हुए, विनम्रता के साथ जीवन जीना होगा।

तीसरा सूत्र - ज़मीन से जुड़े रहें 
अक्सर लोग सफलता के दौर में भटक जाते हैं और अपने मन की शांति खो देते हैं। इसके विपरीत अमीर बनने के बाद भी विनम्र बने रहना और इंसानियत के साथ जीना आपको सरल और सहज बनाए रखता है।

चौथा सूत्र - सकारात्मक रहें 
परिस्थितियाँ अनुकूल हों या प्रतिकूल, सरल हों या कठिन, भले ही आपको अथक प्रयास के बाद भी बहुत थोड़ा सुखद परिणाम मिला हो फिर भी सकारात्मक सोचें, सकारात्मक रहें।

पाँचवाँ सूत्र - मदद करें 
आपके पास बहुत कुछ हो या थोड़ा सा, हर परिस्थिति हर हाल में अपनी ओर से दूसरों की मदद करें, उनके जीवन को आसान और खूबसूरत बनाने के लिए प्रयासरत रहें।

छठा सूत्र - माफ़ करें 
सभी को क्षमा करें, विशेषकर स्वयं को। क्षमा करना आपको शांत और अपराध बोध से मुक्त रखता है।

सातवाँ सूत्र - प्रार्थना करें 
दोस्तों प्रार्थना, दुनिया का सबसे शक्तिशाली हथियार है। इसका प्रयोग लोगों की भलाई और उन्हें सर्वश्रेष्ठ परिणाम दिलाने के लिए करें। दुनिया या लोगों के लिए अच्छा सोचना, उनकी बेहतरी के लिए प्रार्थना करना अंततः आपका जीवन बेहतर बनाएगा।

आठवाँ सूत्र - असफलता से ना डरें 
याद रखिएगा दोस्तों असफलता, सफलता की बुनियादी सीढ़ी है। शोध का आँकड़ा बताता है कि आप जीवन का सबसे बड़ा सकारात्मक परिवर्तन अपने जीवन की सबसे बड़ी असफलता के बाद ला पाते हैं। दूसरे शब्दों में कहूँ तो जीवन में सकारात्मक उछाल जीवन के सबसे कटु अनुभव के बाद आता है। असल में दोस्तों ईश्वर आपको आशीर्वाद में सब कुछ देने से पहले, असफलता, असुरक्षा, नकारात्मक भावों का स्वाद चखाकर सफलता या अच्छे अनुभवों के लिए तैयार करता है।

नवाँ सूत्र - धैर्य रखें
धैर्य का कोई विकल्प नहीं है, यह आपको जीवन में अचानक सामने आई विपरीत स्थिति, परिस्थितियों या चुनौतियों को स्वीकारने के लिए तैयार करता है।

दोस्तों, जीवन के प्रति सही नज़रिया विकसित कर बड़ी सफलता दिलाने वाले 15 सरल और छोटे सूत्रों में से आज हमने नौ सूत्र सीखें हैं। कल हम बड़ी सफलता के 15 सरल और छोटे सूत्र में से बचे हुए छः सूत्र सीखेंगे।


-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर 
dreamsachieverspune@gmail.com