कराची। चक्रवात बिपारजॉय पाकिस्तान में धमाका करने वाला है। यहां यह तूफान भारी तबाही मचा सकता है। इसके डर से ‎सिंध प्रांत में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। गौरतलब है ‎कि चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के 15 जून को गुजरात और कराची तट में टकराने की संभावना है। पाकिस्तान के मौसम विभाग ने कराची में बादल फटने जैसी घटनाओं की आशंका जताई है। सिंध में इमरजेंसी के चलते यहां सेना की तैनाती की गई है और निचले क्षेत्रों में रह रहे करीब 80 हजार लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग ने बिपरजॉय को बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान बताया है। चक्रवात अरब सागर में पाकिस्तान और भारत के समुद्र तटों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने बताया कि राज्य में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। हम लोगों से अपील नहीं कर रहे, बल्कि उन्हें घरों को खाली करने के लिए कह रहे हैं। हमने सोशल मीडिया, मस्जिदों और रेडियो स्टेशनों के माध्यम से अलर्ट जारी किया है। 
सिंध सीएम ने कहा कि लोगों को निकालने के लिए पाकिस्तानी नेवी की मदद ली जा रही है। अब तक थट्टा में 500 गांव वालों को निकाला जा चुका है। जबकि 1500 लोगों का रेस्क्यू जारी है। शाह बंदरगाह से 2000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। कराची में डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी ने समुद्र के किनारे के इलाकों में लोगों से 13 जून तक स्वैच्छा से घर खाली करने की अपील की है। मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवात पिछले 12 घंटे से उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। यह कराची से लगभग 550 किमी दक्षिण, थाटा से 530 किमी दक्षिण में है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात के दौरान सतही हवाओं की स्पीड 140-150 किमी प्रति घंटा रहने की उम्मीद है। जबकि सेंटर के आस पास 170 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। समुद्र में 35-40 फीट की ऊंचाई तक लहरें उठ सकती हैं।
पा‎किस्तान के सुजावल, बादिन, थारपारकर और उमरकोट जिलों में 13-17 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इतना ही नहीं इन जिलों में 80-100 किमी/घंटा की तेज हवाएं भी चलने की आशंका है। बलूचिस्तान में समुद्र के किनारे बसे इलाकों में धारा 144 लागू की गई है। सभी संबंधित विभागों के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, बिपरजॉय 15 जून की दोपहर तक कच्छ के तट को पार करेगा। जिसकी रफ्तार 125-135 किमी प्रति घंटा होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।