भोपाल । चक्रवाती तूफान बिपर्जय के आज उत्तर-पूर्वी राजस्थान से लगे मप्र में प्रवेश करने के आसार हैं। इसके असर से ग्वालियर, चंबल, सागर, भोपाल, उज्जैन, इंदौर एवं नर्मदापुरम संभाग में वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में मौजूद चक्रवात बिपर्जय कमजोर पड़ने के बाद अभी भी अवदाब के रुप में बना हुआ है। इसके असर से प्रदेश में तेज रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। बादल बने हुए हैं। साथ ही उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा भी हो रही है। बंगाल की खाड़ी में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है। इस वजह से अब दक्षिण-पश्चिम मानसून के भी आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ममता यादव ने बताया कि अवदाब के रूप में बिपर्जय अभी अजमेर के आसपास बना हुआ है।यह पूर्वी-उत्तर-पूर्वी दिशा में आगे बढ़ रहा है। उधर बिहार और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बन गया है। इस चक्रवात से लेकर विदर्भ तक एक ट्रफ लाइन बनी है, जो झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं पूर्वी मप्र से होकर गुजर रही है। इस वजह से लगातार नमी आने लगी है। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि सोमवार को बिपर्जय के उत्तर-पूर्वी राजस्थान से मप्र में प्रवेश करने की संभावना है। इसके असर से प्रदेश के उत्तर-पूर्वी राजस्थान से लगे जिलों में अच्छी वर्षा होगी। मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में झमाझम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार भी 50 किलोमीटर प्रति घंटा के आसपास रह सकती है। वर्षा होने के कारण सोमवार से पूर्वी मप्र के जिलों में लू से राहत भी मिल सकती है। शुक्ला के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है। इस वजह से मानसून के आगे बढ़ने की पूरी संभावना है।उधर रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान सीधी में दर्ज किया गया। रीवा, सीधी एवं नरसिंहपुर में लू का प्रभाव रहा।