जयपुर । दिवाली से ठीक पहले हुई बारिश के बाद अब राजस्थान में शीतलहर का आगाज हो चुका है। उत्तर भारत से हिमालय की बर्फीली हवा के चलने से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पारा लुढ़कता जा रहा है। माउंट आबू लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दूसरे नंबर पर फतेपुर और तीसरे स्थान पर सीकर बना हुआ है। इसके अलावा कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदेश में सर्दी का आगाज हो गया है। 
हालांकि, कड़ाके की सर्दी नवंबर के आखिरी में शुरू होगी। हवा के साथ ठिठुरन बढऩे से लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए और वहीं सुबह-शाम राजमार्गों पर कोहरा छाने लग गया है। अधिकांश शहरों में दिन-रात का तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। सर्दी बढऩे पर प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसका असर देखने को मिला। सीकर, माउंट आबू, चूरू और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा ठंडी रात माउंट आबू की रही, जहां का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में 7.5 और चूरू में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं श्री गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनूं, बीकानेर और चूरू के कु छ एरिया में हल्का कोहरा भी छाया नजर आया। कोहरा पडऩे और हल्की सर्द हवा चलने से जैसलमेर, बीकानेर और चूरू में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। बीकानेर और जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इन जिलों में सीजन का सबसे कम तापमान रहा। फतेहपुर में भी सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। रात और सुबह हल्की सर्द हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई।