नई दिल्ली । भारतीय नौसेना अरब सागर में माल्टा के एक जहाज का रेस्क्यू करा रही है।  जानकारी के मुताबिक माल्टा का जहाज एमवी रुएन हाईजैक कर लिया गया था। घटना की जानकारी जब भारतीय नौसेना को मिली, तब तुरंत नेवी की ओर से एक युद्धपोत और समुद्री गश्ती विमान एम को अरब सागर भेजा गया। माल्टा का ये जहाज कोरिया से तुर्की जा रहा था। तभी सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने उस पर अटैक किया। बताया जा रहा है कि भारतीय नेवी की ओर से भेज विमान ने 15 दिसंबर की सुबह हाईजैक हुए जहाज के ऊपर से उड़ान भरी। साथ ही इंडियन नेवी का विमान इस जहाज की हर सक्रियता पर नजर बनाए हुए है। अब ये जहाज सोमालिया के तट की ओर बढ़ रहा है। इस मामले में इंडियन नेवी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। नौसेना की ओर से कहा गया है कि हम लोगों ने अरब सागर में एक घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी है। ये माल्टा का एक जहाज था। इस पर 18 लोग मौजूद थे। समुद्री लुटेरों ने इस जहाज को हाईजैक कर लिया था। 
साथ ही कहा गया है कि जहां ये घटना हुई उस क्षेत्र में निगरानी कर रहे नौसेना के समुद्री गश्ती विमान और अदान की खाड़ी में एंटी पायरेसी पेट्रोल को माल्टा के जहाज एमवी रुएन की ओर से एक अलर्ट मिला था। इसका पता लगते ही वहां तुरंत सहायता भेजी गई। अधिकारियों ने कहा कि जहाज को हाईजैक करने की सूचना गुरुवार को दी गई और नौसेना ने शुक्रवार तड़के घटना क्षेत्र में अपनी सहायता भेजी। नौसेना ने कहा कि हमारे विमान ने माल्टा के जहाज के ऊपर से फ्लाई किया है। साथ ही हर गतिविधि पर नजर है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय नौसेना ने अपने नौसैनिक समुद्री गश्ती विमान को क्षेत्र में निगरानी करने और अपने युद्धपोत को एमवी रुएन का पता लगाने और सहायता करने के लिए अदन की खाड़ी में एंटी पायरेसी पैट्रोल (समुद्री डकैती विरोधी गश्त) पर भेज दिया।