रायपुर ।  आज स्‍वामी विवेकांनद की जयंती है, जिसे छत्‍तीसगढ़ समेत पूरा देश राष्ट्रीय युवा दिवस  के तौर पर मना रहा है। इस दिन छत्‍तीसगढ़ के युवाओं को बड़ी सौगात मिल सकती है। मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय प्रदेश के युवाओं के‍ लिए बड़ी घोषणा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि सीएम साय चुनावी घोषणा पत्र में युवाओं के लिए किए गए वादों को ही अमल करने की घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार सीएम साय युवाओं के लिए विवेकानंद मितान क्‍लब की शुरुआत कर सकते हैं। कई सामाजिक संगठनों ने युवाओं के लिए विवेकानंद मितान क्‍लब शुरू करने की मांग की थी। मुख्‍यमंत्री साय यह घोषणा मंत्रालय में आज शाम पांच बजे बैठक के बाद कर सकते हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने आज ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचारों ने संपूर्ण समाज को एक नई दिशा दी है। स्वामी जी ने अपने उपदेशों और ओजस्वी व्याख्यानों से देश-दुनिया को मानव जाति की सेवा का मार्ग दिखाया। यह छत्तीसगढ़ के लिए सम्मान और गर्व की बात है कि स्वामी विवेकानंद जी का कुछ समय रायपुर में बीता। स्वामी जी से जुड़ी स्मृतियां राजधानी रायपुर को एक विशेष पहचान देती हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वामी जी के विचार और जीवन मूल्य हमें हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज यहां राज्य अतिथि गृह पहुना में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।