बलरामपुर । अब यूपी में भी दिल्ली तथा पंजाब की तरह घरेलू बिजली का बिल माफ करने की मांग उठ रही है। बीजेपी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने यह मांग उठाई है। उन्होंने बलरामपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचने पर  पत्रकारों से बातचीत की। अपने विवादित बयानों के कारण हमेशा चर्चा में रहने वाले राजभर ने नेताओं पर आरोप लगाया ‎कि दारू, मुर्गा और पैसे देकर नेता वोट ले लेते हैं, लेकिन जनता को कुछ दिया नहीं है। नेताओं ने सिर्फ जनता को गुमराह करके रखा है, लेकिन हम उत्तर प्रदेश और बिहार में जनता को जागरूक करने के लिए निकले हैं। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए सुभासपा प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी विधायकों को 25-25 लाख रुपये लोगों के इलाज के लिए दिए हैं लेकिन इस बात की लोगों को जानकारी नहीं है। उन्होंने मांग कि की दिल्ली और पंजाब की तरह घरेलू बिजली का बिल माफ होना चाहिए। 
राजभर ने सवाल उठाते हुए कहा ‎कि अगर गुजरात, बिहार और पुडुचेरी में शराब बंदी हो सकती है तो पूरे देश में शराबबंदी क्यों नहीं हो सकती। राजभर ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा ‎कि सपा राज को गुंडाराज की संज्ञा दी जाती है जबकि योगी राज में कानून व्यवस्था बेहतर है। यहां तक कि सात वर्ष में एक भी दंगा प्रदेश में नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि राजग उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें तथा पूरे देश में 400 सीटें जीतेगा। राजभर के नेतृत्व वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 2022 का विधानसभा चुनाव सपा के साथ गठबंधन से लड़ा था और उसे प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में छह सीटों पर जीत हा‎सिल हुई थी।