भोपाल ।   अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भोपाल की सेज यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि महिला-बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मौजूद रहीं। उन्होंने महिलाओं के उत्थान पर जोर दिया। भूरिया ने कहा कि हर वर्ष 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। परिवार को सहेजने का काम महिलाओं को बखूबी आता है। महिला दिवस तो हर दिन मनाना चाहिए, क्योंकि सभी महिलाओं के संघर्ष की अलग-अलग कहानी है। उनकी सफलता ही उनकी कहानी बयां करती है। महिला दिवस के दिन सभी महिलाओं को अपने हिसाब से काम करना चाहिए, जो उन्हें करना है वे फ्री होकर करें। उन्होंने कहा कि परिवार को संभालने के लिए उन्हें हर परिस्थिति में ढलना होता है और यह उनकी कार्यकुशलता को दर्शाता है। 

भूरिया ने कहा कि हम भविष्य में विभाग द्वारा कार्ययोजना बनाकर कार्य करेंगे। इसमें हम आप लोगों से भी सुझाव लेंगे और रणनीति बना कर कार्य योजना बनाएंगे, ताकि महिलाओं के उत्थान के लिए हम सब की भागीदारी हो सके। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बिट्टू शर्मा थिएटर आर्टिस्ट स्वस्तिका चक्रवर्ती, महिला क्रिकेट खिलाड़ी सौम्या तिवारी, पलमोनोलॉजिस्ट डॉ. खुशबू सक्सेना, समाज सेविका माही भजनी, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. कीर्ति खंडेलवाल, पत्रकार शेफाली गुप्ता, पत्रकार मधुरिमा राजपाल को अपने-अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सेज ग्रुप की चेयरपर्सन किरण अग्रवाल, वाइस चांसलर वीके जैन, सेज ग्रुप के शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।