ट्रेन सफर में पालतुओं का भी खास ख्याल, रेलवे देगा अलग रंग का कंबल
Railways New Facility : रेलवे की नई सुविधा। अब फर्स्ट एसी कोच में पालतू जानवरों के लिए अलग रंग का कंबल मिलेगा। ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में पालतू जानवरों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें कंबलों को लेकर किसी तरह की असुविधा या भ्रम का सामना नहीं करना पड़ेगा। रेलवे ने इंसानों और पालतू जानवरों के लिए अलग-अलग रंग के कंबल जल्द उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, ताकि उनके उपयोग को लेकर किसी प्रकार की शंका न रहे।
यात्रियों को रहता है संदेह
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, फर्स्ट एसी में सफर करने वाले यात्रियों की ओर से लंबे समय से यह शिकायतें मिल रही थीं कि यात्रियों और पालतू जानवरों को एक जैसे कंबल दिए जाते हैं। कई बार संदेह होता था कि कहीं यात्रियों को जो कंबल दिया है, वह पहले किसी जानवर द्वारा तो उपयोग में नहीं लिया गया। कुछ यात्री कंबलों के उपयोग को लेकर संकोच करते थे।
पालतू जानवरों के लिए विशेष रंग के कंबल होंगे उपलब्ध
इस समस्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अब पालतू जानवरों के लिए विशेष रंग के कंबल उपलब्ध कराने का फैसला किया है। इससे यात्रियों को मानसिक संतोष मिलेगा और रेलवे की सेवाओं में पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता भी बढ़ेगी। बताया जा रहा है कि यह नई व्यवस्था जल्द ही लागू की जाएगी और इसे सभी फर्स्ट एसी कोचों में अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा।
अब स्लीपर कोच में भी हैंडवॉश की सुविधा
रेलवे ने एसी कोच की तर्ज पर स्लीपर कोच के टॉयलेट में भी जल्द हैंडवॉश की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लागू होने से यात्रियों को स्वच्छता के लिहाज़ से बड़ी राहत मिलेगी।

‘धुरंधर’ विवाद पर जावेद अख्तर बोले—हर फिल्म का अपना नजरिया होता है
चीन ने ठुकराए अमेरिका के प्रतिबंध, कहा- बाहरी दखल मंजूर नहीं
निवेश में सोने की भूमिका: रखें या निकालें, क्या है सही फैसला
तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर, TVK बनी नंबर वन पार्टी
Assembly Election 2026: सियासत में सितारों का दबदबा, कई बड़े नाम मैदान में