भोपाल । राजधानी के आसमान से बादल रुखसत हो गए हैं और सुबह से ही धूप निकलने लगी है। धूप के तेवर दोपहर तक और तल्ख हो जा रहे हैं। वहीं शाम ढलते ही वातावरण में ठंडक का अहसास भी होने लगा है। कुल मिलाकर लोगों को मौसम का मिला-जुला लुत्फ उठाने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी में एवं उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद हैं। इस वजह से मिल रही कुछ नमी से बीच–बीच में आंशिक बादल भी आ जाते हैं। उधर शाम के समय हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी हो जाता है। इस वजह से शाम ढलने के बाद वातावरण में ठंडक बढ़ जाती है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है। उधर पिछले 24 घंटों के दौरान रतलाम में नौ, उज्जैन में पांच, खरगोन में 3.2, इंदौर में 2.2, धार में 0.6 मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। उत्तर प्रदेश पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से आ रही नमी के कारण मध्य प्रदेश में कहीं–कहीं छिटपुट वर्षा हो रही है। हालांकि वातावरण में नमी काफी कम रहने के कारण राजधानी का मौसम साफ हो गया है। धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में धीरे–धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के अनुसार, नमी कम होने के कारण शहर में दिन का तापमान बढ़ रहा है। अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने का अनुमान है। उसके बाद नमी बढ़ने के कारण बादल छाने लगेंगे। इस वजह से तापमान में भी गिरावट होने लगेगी।शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था। साथ ही यह गुरुवार के अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। साथ ही यह गुरुवार के न्यूनतम तापमान के बराबर ही रहा।