भवन निर्माण के लिए खुला खजाना, सरकार ने मंजूर किए 280 करोड़ रुपये
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि राज्य के 8 क्रमोन्नत उप जिला अस्पतालों के नए भवनों के निर्माण के लिए कुल ₹280 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। सरकार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में आमजन को उनके घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
प्रति अस्पताल ₹35 करोड़ की राशि मंजूर
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, प्रत्येक उप जिला चिकित्सालय के आधुनिक भवन निर्माण के लिए ₹35-35 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है। इन अस्पतालों में आधुनिक बुनियादी ढांचे, उन्नत चिकित्सा उपकरणों और आवश्यक संसाधनों का विस्तार किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा और बड़े शहरों के अस्पतालों पर दबाव कम होगा।
इन 8 क्षेत्रों को मिला सौगात
प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि नए भवनों का निर्माण निम्नलिखित 8 कस्बों/क्षेत्रों में किया जाएगा:
-
सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर)
-
बिलाड़ा (जोधपुर)
-
देचू (फलोदी)
-
खाजूवाला (बीकानेर)
-
प्रतापपुर (बांसवाड़ा)
-
रायपुर (ब्यावर)
-
खण्डार (सवाई माधोपुर)
-
छबड़ा (बारां)
सुदृढ़ स्वास्थ्य ढांचे से आमजन को राहत
विभाग की प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि अस्पतालों के सुदृढ़ और सर्वसुविधायुक्त भवनों से संबंधित जिलों के लाखों लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। राज्य सरकार की इस स्वीकृति से प्रदेश भर में स्वास्थ्य सुविधाओं का जाल मजबूत होगा और दूर-दराज के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही आपातकालीन व विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

राष्ट्रीय पर्यटन मंच पर छत्तीसगढ़ की गूंज, देश-दुनिया के सामने खुली पर्यटन संभावनाओं की नई राह
सेवा संकल्प अभियान 2026: हुनर को मिल रही नई उड़ान’
पूरे क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं से कवर करें, शत-प्रतिशत टीकाकरण एवं गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन एवं एएनसी जांच सुनिश्चित हो: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
"हम सब बराबर, बराबर हमारे अधिकार" के ध्येय वाक्य को चरितार्थ कर रहा है मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
लगातार दो वर्ष देश में सर्वाधिक रिकवरी दर, यह किसानों की मेहनत का परिणाम है - उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा