जयपुर में शनिवार रात एक साथ छह हजार महिलाओं और बालिकाओं ने सामूहिक घूमर नृत्य कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। यह विश्व रिकॉर्ड मानसरोवर के पत्रकार कॉलोनी स्थित वत्सला गार्डन में बनाया गया। महिलाओं की इस शानदार उपलब्धि को गुलाबी नगर के नाम से 'वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' में दर्ज किया गया है। सद्भावना परिवार की ओर से इस सामूहिक घूमर नृत्य का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा ने भी शिरकत की। इस दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा ने भी अपनी परफॉर्मेंस दी। वहीं मंच का संचालन जूनियर अक्षय कुमार विकल्प मेहता ने किया। सामूहिक घूमर नृत्य का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए महिलाएं पारंपरिक वस्त्र और आभूषण पहन कर वत्सला गार्डन पहुंची। 
कार्यक्रम में 5100 महिलाओं के सामूहिक घूमर नृत्य करने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन छह हजार महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर एक नया विश्व रिकॉर्ड रच दिया। सामूहिक घूमर नृत्य का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, अजमेर, दौसा, उत्तराखंड, आगरा, पुणे और गुजरात की महिलाओं ने अपनी भागीदारी निभाई।  कार्यक्रम के संचालक सद्भावना परिवार के मनोज पांडे ने बताया कि सामूहिक घूमर नृत्य का पिछला वर्ल्ड रिकॉर्ड 3003 महिलाओं का था। अब अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए सद्भावना परिवार ने अब छह हजार महिलाओं ने सामूहिक घूमर नृत्य करने का विश्व कीर्तिमान कायम किया है।