जयपुर|राजस्थान में हालिया बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश में सर्दी ने दोबारा जोर पकड़ लिया है। शीतलहर और सर्द हवाओं के चलते कई जिलों के दिन और रात के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इसी बीच मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने गुरुवार को भी राज्य के 10 जिलों में घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया है।बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरा और धुंध छाई रही। सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई, जिससे सुबह-शाम ही नहीं बल्कि दिन में भी ठंड का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पाली बुधवार को प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

कई जिलों में कोहरे का असर

पिछले 24 घंटों के दौरान श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अलवर जिलों में घने कोहरे का असर देखा गया। इसके अलावा बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, जोधपुर और नागौर बेल्ट में भी हल्का कोहरा और धुंध छाई रही। कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

29-30 जनवरी को साफ रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 29 और 30 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि उत्तर-पूर्वी राजस्थान के बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के इलाकों में सुबह के समय कोहरे का असर बना रह सकता है। इस दौरान सर्द हवाएं चलने से ठंड का असर जारी रहेगा।

31 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 31 जनवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा। इसके असर से जयपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में बादल छाने लगेंगे। कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। यह सिस्टम 1 फरवरी को भी पूर्वी राजस्थान, खासकर भरतपुर संभाग के इलाकों में असर दिखा सकता है।

नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित

कोहरे का असर यातायात पर भी साफ तौर पर नजर आया। कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। नेशनल हाईवे-48 और स्टेट हाईवे पर विजिबिलिटी घटकर करीब 30 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को फॉग लाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। दिल्ली-जयपुर रूट पर चलने वाली बसें भी देरी से संचालित हुईं। बहरोड़ में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

अलवर और सीकर में ठंड का असर

अलवर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। यहां विजिबिलिटी करीब 60 मीटर तक सिमट गई। हालांकि कुछ इलाकों में बाद में धूप निकल आई, लेकिन शीतलहर के कारण ठंड से कंपकंपी बनी रही।सीकर में सर्दी ने सबसे ज्यादा असर दिखाया। यहां न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को सीकर का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि मंगलवार को यह 9.9 डिग्री था। शहर में सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखा गया।

सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने कोहरे और संभावित बारिश-ओलावृष्टि को देखते हुए वाहन चालकों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। घने कोहरे के दौरान यात्रा करते समय सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।