भोपाल ।  मध्‍य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने प्रदेश महिला कांग्रेस पदाधिकारी, जिला और ब्लाक अध्यक्षों की समीक्षा बैठक में कहा कि भाजपा के राज में महंगाई चरम पर है। महिलाएं असुरक्षित हैं। महंगाई चरम पर है। कांग्रेस की सरकार में महिला सुरक्षा पहली प्राथमिकता होगी। वहीं, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने पदाधिकारियों को वचन पत्र से महिलाओं को जोड़ने और मतदान केंद्रों पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में कमल नाथ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर आपको महंगाई से राहत मिलेगी। पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर मिलेगा और प्रत्येक महिला के खाते में डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह डाले जाएंगे। उन्‍होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आज बहनें, कर्मचारी और किसान याद आ रहे हैं, क्योंकि चुनाव का समय पास आ गया है। कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना शुरू की तो भाजपा नेता महिलाओं पर दबाव बना रहे हैं कि जो नारी सम्मान का आवेदन भरेंगी, उन्हें एक हजार रुपये नहीं दिए जाएंगे। कमल नाथ ने कहा कि कांग्रेस बिना किसी भेदभाव के सभी लाभान्वित करेगी। हमारी पहली प्राथमिकता महिलाओं के हित सुरक्षित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म को राजनीतिक प्रचार का विषय बनती है, क्योंकि वह ध्यान मोड़ने का काम करती है। हमें कोई धर्म का पाठ नहीं पढ़ा सकता। जब हम मंदिर जाते हैं, धार्मिक कार्यक्रम करते हैं तो उनके पेट में दर्द क्यों होता है।

उधर, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने कहा कि महिला अत्याचारों की घटनाओं से मध्य प्रदेश की छवि को क्षति पहुंची है। वचन पत्र से प्रत्येक महिला को जोड़ा जाएगा। शिवराज सरकार के घोटाले को जनता के बीच रखेंगे। प्रदेश संगठन की अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जाति और जनजाति के साथ ही महिला उत्पीड़न के मामले लगातार बढ़े हैं। माफिया और अपराधी बेखौफ हैं। कानून व्यवस्था स्थापित करने में शिवराज सरकार विफल सिद्ध हुई है। अब लाड़ली बहनें भाजपा के बहकावे में नहीं आएंगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव ओनिका मेहरोत्रा, सचिव जसलीन सेठी सहित प्रदेश, जिला और ब्लाक पदाधिकारी उपस्थित थीं।