इटावा । इटावा जिले के सिविल लाइन इलाके में एक शख्स की अपहरण के बाद हत्या कर दी गयी। जिस युवक की अपहरण करने के बाद में हत्या की गई उसने अपने ही गांव की ही लड़की से प्रेम विवाह किया था। इससे लड़की के परिजन नाराज थे। परिजनों के डर से दोनों भागते फिर रहे थे। इस बीच लड़की ने एक बेटे को जन्म दिया और इसकी जानकारी अपनी बहन को दी ताकि परिवार का गुस्सा खत्म हो जाए।
जिसके बाद लड़की की बड़ी बहन अस्पताल आई। उसने गुपचुप लड़के का फोटो अपने पिता और जीजा को भेज दिया। जिसके बाद सभी जिला अस्पताल आए और चाय पिलाने के बहाने लड़के का अपहरण करके एक गाड़ी से करीब 20 किलोमीटर दूर ले गए जहां गला घोट कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के मामले में पुलिस ने रोशनी के पिता, भाई, जीजा और बड़ी बहन को हत्या का षड्यंत्र रचने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
युवक प्रमोद राजपूत आगरा जिले के चित्रहाट इलाके के नौगांव का रहने वाला था। उसने अपने ही गांव की अपनी ही जाति की लड़की रोशनी से प्रेम विवाह किया था। रोशनी और प्रमोद का प्रेम विवाह लड़की के परीजनों को रास नहीं आया तो दोनों पुणे में जाकर के अपना कामकाज कर जीवन यापन करने लगे। जब रोशनी करीब 6 माह की गर्भवती हो गई तो प्रमोद और रोशनी दोनों इटावा आकर एक गुप्त स्थान पर रहने लगे। 8 सितंबर को प्रमोद अपनी पत्नी को लेकर इटावा मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय महिला संयुक्त चिकित्सालय में डिलीवरी करने के लिए आया तो रोशनी ने अपनी बड़ी बहन आरती को बेटा होने की जानकारी दी। रोशनी ने परिवार के लोगों को बेटे की पैदाइश की सूचना दी।
सूचना के बाद रोशनी का जीजा, उसका भाई और पिता अस्पताल आए और चाय पिलाने के बहाने रोशनी के पति प्रमोद का अपहरण करके ले गये। शाम 7 बजकर 30 मिनट के करीब प्रमोद के अपरहण की जानकारी जब रोशनी को मिली तो पुलिस से संपर्क स्थापित किया। रोशनी ने इस बात की शंका जताई कि पति प्रमोद की हत्या की जा सकती है। इसी आधार पर पुलिस ने प्रमोद को खोजना शुरू कर दिया। पुलिस ने गहन जांच के बाद में देर रात करीब पौने एक बजे प्रमोद के शव को इटावा मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर पूठन सकरौली चौकी के पास एक निर्जन स्थान से बरामद कर लिया। पुलिस ने प्रमोद की हत्या के मामले में रोशनी के जीजा गंधर्व, उसकी बड़ी बहन आरती, भाई और  उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या की सूचना मिलने के बाद इटावा के एसएसपी संजय कुमार महिला अस्पताल में रोशनी से बात करने पहुंचे जहां रोशनी ने अपने पति से परिजनों की नाराजगी को लेकर जानकारी दी। रोशनी ने अपने जीजा पर आरोप लगाया कि वह हमारी शादी से खुश नहीं थे। रोशनी और प्रमोद ने अपने घर से भाग कर शादी की थी। इसी बात से नाराज पिता और जीजा पप्पू ने प्रमोद को चाय के बहाने बुलाकर उसकी हत्या कर दी। रोशनी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।