आगरा। यूपी में बारिश थमते ही उमस ने लोगों का हाल बुरा कर दिया है। कई जिलों में पारा 39 डिग्री पहुंच गया। आगरा में ताजमहल देखने आए कई विदेशी पर्यटक गर्मी और उमस के कारण बेहोश होकर गिर गए। एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। 
कानपुर में शंकरपुर सराय शहरी क्षेत्र में पिछले चार दिनों से पानी भरा है। मंगलवार रात यहां अचानक पांच फीट तक पानी बढ़ गया। लोगों के घरों में पानी घुस गया। हालांकि कुछ घंटे बाद घट गया। लोग बच्चों को कंधे पर बैठाकर स्कूल ले गए। घरों में सांप-बिच्छू रेंग रहे हैं। कई परिवार घर छोड़कर जा चुके हैं। प्रदेश में पांच दिन बाद फिर से बारिश के आसार बन रहे। 
मौसम विभाग ने बुधवार को पूर्वांचल के 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी। बिजली भी गिर सकती है। प्रदेश में अगले चार दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। 51 जिलों में ग्रीन अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में लोकल डिस्टरबेंस के चलते बूंदाबांदी हो सकती है। प्रदेश में पिछले दिनों की बारिश से गंगा, यमुना, घाघरा और शारदा समेत कई नदियां उफान पर हैं। 21 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। काशी में गंगा किनारे पानी घटा है। 1 जून से अब तक 723 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 679.9 मिली बारिश हुई है। 23 जिलों में सामान्य से त्यादा बारिश हुई जबकि 52 जिलों में कोटे से कम बारिश हुई है।