सूरत | गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लगा है| सूरत में आप के 6 नगर पार्षद भाजपा में शामिल हो गए| इससे पहले 4 नगर पार्षदों ने आप से इस्तीफा दे दिया था| सूरत के उधना स्थित भाजपा कार्यालय में गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में आप के सभी 10 नगर पार्षदों ने भाजपा का भगवा धारण कर लिया| बता दें कि सूरत महानगर पालिका में आप के 27 नगर पार्षद थे| जिसमें से 10 नगर पार्षद आप से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं| पहले भावना सोलंकी, रूता खेनी, ज्योति लाठिया और विपुल मोवलिया ने आप से इस्तीफा दिया था| अब घनश्याम मकवाणा, धर्मेन्द्र वालिया, अशोक धामी, किरण खोखाणी, निराली पटेल और स्वाति क्याडा ने आम आदमी पार्टी छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया है| सूरत महानगर पालिका में कुल 27 पार्षदों में से 10 के भाजपा जॉइन करने से अब दल बदल विरोधी कानून भी नहीं लागू होगा| 10 नगर पार्षदों के भाजपा जॉइन करने पर आप के गुजरात प्रदेश प्रमुख ईसुदान गढ़वी की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है| ईसुदान गढ़वी ने कहा कि हमारे नगर पार्षदों को लोभ-लालच दिया गया है| भाजपा आम आदमी पार्टी से डर गई है| भाजपा के पास भ्रष्टाचार के करोड़ों रुपए हैं और उससे वह आप नेताओं को खरीद रही है| उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमारे कमजोर लोगों को डरा रही है और आम आदमी पार्टी को खत्म करने की साजिश रच रही है|