जोमैटो के शेयरों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। कंपनी के शेयर आज मंगलवार को 7.90% टूटकर 60.65 रुपये पर आ गया है। इससे पहले सोमवार को जोमैटो के शेयरों में 6% से ज्यादा की गिरावट देखी गई थी। दरअसल, जोमैटो स्टॉक में यह गिरावट उस खबर के बाद आई है जिसमें कंपनी ने क्विक किराना-डिलीवरी स्टार्टअप ब्लिंकिट को खरीदने का ऐलान किया है। उसके बाद से अब तक जोमैटो का शेयर 14% से ज्यादा टूट चुका है। इस गिरावट के बाद दो दिन में जोमैटो का वैल्यूएशन करीब 1 बिलियन डॉलर घट गया है। फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो ने क्विक किराना-डिलीवरी स्टार्टअप ब्लिंकिट को खरीद लिया है। कंपनी के ऑल-स्टॉक डील में 4,447 करोड़ रुपये (568.16 मिलियन डॉलर) में ब्लिंकिट को खरीदा है। इसका ऐलान शुक्रवार को किया गया था।