Bigg Boss 17: अंकिता लोखंडे और विक्की जैन, बिग बॉस 17 के सबसे चर्चित कंटेस्टेंट्स में से एक हैं। अंकिता टीवी की फेमस एक्ट्रेस हैं और एकता कपूर के शो में लीड रोल निभाने के लिए जानी जाती हैं। हालांकि, बिग बॉस के घर में उनकी एक अलग ही पर्सनैलिटी देखने को मिल रही है।

बिग बॉस 17 का दूसरा वीकेंड का वार की शूटिंग पूरी हो चुकी है। इस बार सलमान खान पहले से भी ज्यादा गुस्से में नजर आए और कंटेस्टेंट्स को जमकर लताड़ लगाई। होस्ट ने विक्की जैन को लेकर भी चौंकाने वाला खुलासा किया।

बिना गलती अंकिता की हुई लड़ाई

बिग बॉस 17 में अंकिता लोखंडे की सबसे पहले लड़ाई खानजादी से हुई थी। दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई थी कि इसकी चर्चा सोशल मीडिया पर भी हुई थी। वीकेंड का वार में सलमान खान ने बताया कि इस सारे झगड़े के पीछे मास्टरमाइंड विक्की जैन का दिमाग था।

सलमान ने अंकिता को बताई सच्चाई

सलमान खान ने अंकिता लोखंडे से बात की और शो में उनके परफॉर्मेंस की अपडेट दी। सलमान ने एक्ट्रेस से कहा कि बिग बॉस के घर में वो अपनी पहचान खो रही हैं। होस्ट ने विक्की को एक्सपोज करते हुए बताया कि खानजादी को उन्होंने ही लड़ने के लिए उकसाया था।  

विक्की जैन की खुली पोल

सलमान खान ने कहा, आपने अपने पति के साथ इस गेम में आने का फैसला लिया। और आपके ये पति खानजादी से कहते हैं कि आपके साथ लड़े। इतना सुनते ही विक्की जैन के बगल में बैठी अंकिता की आंखें भर आई। बीच में विक्की ने अपना बचाव करते हुए कहा कि वो सिर्फ मजाक कर रहे थे। इस पर सलमान ने तुरंत उनकी बात खारिज कर दी और कहा, वो मजाक नहीं था। सलमान से विक्की की सच्चाई सुन अंकिता के लिए अपने आंसू रोकना मुश्किल हो गया।

किसका होगा एलिमिनेशन ? 

बिग बॉस 17 के घर से बेघर होने के लिए इस हफ्ते 6 कंटेस्टेंट्स नॉमिनेटेड हैं। इनमें ऐश्वर्या शर्मा, नील भट्ट, सोनिया बंसल, सनी आर्या, खानजादी और सना रईस खान का नाम शामिल है।  इस हफ्ते इनमें से किसी एक का सफर हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा।