मैनपुरी में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पर हमलवरों ने गोली मार कर घायल कर दिया। भोगांव थाना क्षेत्र के निवासी गौतम कठेरिया 18 जून की रात दवा लेने मैनपुरी आए थे। वह दवा लेकर अपने घर भोगांव लौट रहे थे। तभी मैनपुरी-भोगांव मार्ग पर स्थित ललूपुरा गांव के पास अज्ञात हमलावरों ने भाजपा नेता पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली भाजपा नेता के कंधे के पास लगी। जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। जहां से ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया। हमले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित और अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायल का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने जनपद में चेकिंग अभियान चलाकर हमलावरों की तलाश शुरू की।