आज अमित शाह के साथ सूची को लेकर होगी चर्चा


भोपाल । विधानसभा चुनाव में जहां भाजपा ने बिना चुनावी घोषणा के 39 प्रत्याशियों वाली पहली सूची जारी कर सबको चौका दिया है, उसी तरह पार्टी की दूसरी सूची भी चौंकाने वाली होगी। जानकारी के अनुसार दूसरी सूची में भी 2018 में हारी सीटों के प्रत्याशियों के नाम है। गौरतलब है कि पिछले चुनाव में हारी 103 सीटों को इस बार जीतने के लिए भाजपा ने पूरा दम लगा दिया है। अब 64 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किया जाना है।
 जानकारी के अनुसार भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची पर मंथन लगभग पूरा कर लिया है। अब दिल्ली से मुहर लगने के बाद भाजपा वापस सरप्राइज पॉलीटिक्स करेगी। सूत्रों के अनुसार बीते रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ दूसरी सूची को लेकर मंथन हो चुका है। इसमें सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य दिग्गजों के साथ तीन अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई है। वीडी ने दूसरी सूची की चुनिंदा सीटों को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को स्थिति बताई है। इस बैठक में भाजपा के सभी प्रादेशिक दिग्गज नेता मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक नड्डा के साथ बैठक में रणनीतिक कैम्पेन और फीडबैक को लेकर चर्चा हुई। आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान मंथन होगा, जिसके बाद आगे की लाइन फाइनल होगी। शाह जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ के लिए मंडला और श्योपुर आ रहे हैं। संभावना है कि आशीर्वाद यात्रा के बाद रणनीतिक बैठक हो सकती है।


सूची कब जारी करनी है आज होगा तय
प्रत्याशियों की दूसरी सूची कब जारी करने है आज इसको लेकर अमित शाह से चर्चा होगी।जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान दूसरी सूची को जारी किया जाए या आशीर्वाद यात्रा समाप्त होने तक इंतजार किया जाए। इस पर अभी कुछ तय नहीं हुआ। शाह से चर्चा के बाद तय किया जाएगा। चुनिंदा सीटों पर नामों को लेकर बेहद उलझन रही। इन सीटों को लेकर प्रदेश स्तरीय सर्वे फीडबैक, नेताओं के मत, शीर्ष नेतृत्व के सर्वे के आधार पर फैसला होगा। भाजपा के लिए अभेद्य रही सीटों को लेकर शुरुआती तौर पर तय हुआ कि बड़े चेहरों के बजाय स्थानीय मजबूत चेहरों को उतारें। दीर्घकालीन रणनीति से ऐसी सीटों पर काम होगा। दूसरी सूची को लेकर मंथन के दो अहम दौर पूरे हो चुके हैं। पहला दौर बीते शुक्रवार को सीएम हाउस पर देर रात तक चला था। इसमें सीटों को फाइनल किया गया। दूसरा अहम दौर हाल ही में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मंथन का रहा। इसमें प्रारंभिक रूप से. अब तक के मंथन की पूरी रिपोर्ट दी गई।


दूसरी सूची में एससी व एसटी के ज्यादातर प्रत्याशी
भाजपा सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस को चुनावी तैयारियों में पछाडऩे के बाद अब भाजपा दूसरी सूची में अनुसूचित जाति-जनजाति सीटों के ज्यादातर प्रत्याशी घोषित कर देगी। खासतौर पर जिन सुरक्षित सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है, उन सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। भाजपा ने पहली सूची में भी एससी व एसटी के 21 प्रत्याशी घोषित किए थे। एससी एसटी के लिए प्रदेश में 82 सीटें सुरक्षित हैं, इनमें से 47 एसटी और 35 एससी के लिए सुरक्षित हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि दूसरी सूची में भाजपा बड़ा उलटफेर कर सकती है। कई हारी हुई सीटों पर नए चेहरों के साथ कई विधायकों का टिकट काट भी जा सकती है। जन आशीर्वाद यात्राएं प्रारंभ होने के कारण दूसरी सूची पर अंतिम दौर की चर्चा नहीं हो पाई है। माना जा रहा है कि इसी या अगले सप्ताह तक सूची को केंद्रीय चुनाव समिति के समक्ष विचार के लिए भेजा जा सकता है। भाजपा ने सभी दलों को चौंकाते हुए प्रदेश की 39 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। इनमें से 13 अनुसूचित जनजाति (एसटी) आठ अनुसूचित जाति (एससी) और 18 सामान्य सीटें हैं। ये सभी भाजपा की हारी हुई सीटें हैं। अब दूसरी सूची में पार्टी उन सीटों पर फोकस कर रही है, जहां अनुसूचित जाति और जनजाति के कांग्रेस विधायक हैं। दरअसल, 2018 में भाजपा को सुरक्षित सीटों पर बड़ा नुकसान हुआ था। पार्टी एसटी वर्ग की 47 में मात्र 16 सीटें ही जीत पाई थी। जबकि, 2013 में पार्टी के पास एक निर्दलीय समर्थक के साथ 32 सीटें थी। एससी वर्ग में भी भाजपा के पास 28 सीटें थीं, लेकिन 2018 के चुनाव में मात्र 18 सीटें ही बच पाई थीं। यही कारण है है कि भाजपा ने केंद्रीय स्तर से इन सीटों पर कई बार सर्वे करवाया है।