भरतपुर। यूपी से सटे पूर्वी राजस्थान के भरतपुर में एक दूल्हा तय समय पर दुल्हन को ब्याहने नहीं आया तो दुल्हन ने दूल्हे के घर के सामने जाकर धरना दे दिया है। दूसरी तरफ दुल्हन के पिता ने मथुरा गेट थाने में इस संबंध में केस भी दर्ज करा दिया है। दुल्हन के पिता का आरोप है दूल्हे की ओर से दहेज  की मांग की जा रही थी। दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण वह उनकी बेटी से शादी करने नहीं आया। दुल्हन के धरने को देखते हुये मौके पर महिला पुलिसकर्मी तैनात कर दी गई हैं। दुल्हन ने दूल्हे के घर पर अपनी शादी के पोस्टर भी चस्पा कर दिये हैं।
  जानकारी के अनुसार शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी महेशचंद की बेटी खुशबू की शादी प्रिंस नगर के निवासी वीरेंद्र कुंतल के बेटे कुशल कुमार के साथ होना तय हुई थी। गत 29 नवंबर को खुशबू और कुशल कुमार की सगाई संपन्न हुई थी। यह शादी शहर के स्वयंवर मैरिज होम में 4 मार्च को शादी होनी थी। लेकिन 4 मार्च को दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। 4 मार्च को दुल्हन और उसके परिजनों ने देर रात तक दूल्हे और बारात का इंतजार किया। सजी-धजी दुल्हन दूल्हे की राह ताकती रही लेकिन दूल्हा नहीं आया। उसके बाद दुल्हन के पिता ने मथुरा गेट थाने में मामला दर्ज कराया। दुल्हन के पिता महेश कुमार का कहना है कि दूल्हे की ओर से दहेज की मांग की जा रही है। दहेज की मांग पूरी ना करने पर वह बारात लेकर नहीं आया। उसके बाद सोमवार को दुल्हन खुशबू प्रिंस नगर कॉलोनी में दूल्हे कुशल कुमार के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। उसने वहां अपनी शादी का पोस्टर भी चस्पा कर दिया। दुल्हन का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा वह धरने पर बैठी रहेगी। जैसे ही दुल्हन के धरने की सूचना पुलिस के पास पहुंची तो उसने वहां दुल्हन के पास महिला पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया। दुल्हन खुशबू अभी भी दूल्हे के घर के बाहर धरने पर बैठी हुई है। उसका कहना है कि जब तक मैं जिंदा हूं, धरने पर बैठी रहूंगी। खुशबू ने न्याय की मांग की है। दुल्हन खुशबू का कहना है कि या तो दूल्हा कुशल कुमार उसके साथ शादी करें या फिर उसे सजा दी जाए। फिलहाल मामले का कोई समाधान नहीं निकल पाया है।