जयपुर : राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। जिससे कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रदेशवासियों को सर्दी से राहत जरूर मिली है। प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा गया।  

मौसम केंद्र के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के गंगानगर और हनुमानगढ़ सहित कुछ अन्य हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। कल शुक्रवार तक इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान जताया जा रहा है। इसके बाद 31 दिसंबर से कड़ाके की ठंड अपने तेवर दिखाएगी। जिससे दिन और रात के तापमान में गिरावट होगी। इस दौरान सर्द हवा भी चल सकती है। 

अचानक बदले मौसम का असर शहरों के तापमान पर भी दिखा है। जैसलमेर में पिछले करीब एक सप्ताह से रात का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे रह रहा था। बुधवार को यहां का पारा 6.2 जो बढ़कर 15 डिग्री पर पहुंच गया। इसी तरह चूरू और फतेहपुर के तापमान में भी 6.5 डिग्री का इजाफा हुआ है।