जोधपुर, 08 मार्च। पुलिस अधिकारियों से अपनी अच्छी जान पहचान बताकर एवं उनके साथ में फोटो खींचवा कर लोगों को गुमराह करने वाले आरोपित अनस मोहम्मद के खिलाफ कपड़ा व्यापारी से 2.83 करोड़ की एक और ठगी का प्रकरण दर्ज हुआ है।
इसमें उसके पिता पूर्व क्रिकेटर न्याज मोहम्मद के खिलाफ भी आरोप लगे है। इन लोगों ने कपड़ा व्यापारी को रोहिट और चौखा में जमीन दिलाने का कहकर यह ठगी की थी। आरोपित अनस मोहम्मद से अभी एसीपी पश्चिम चक्रवर्ती सिंह राठौड़ पूछताछ कर रहे है। वह पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है। जबकि दूसरा प्रकरण देवनगर थाने में दर्ज करवाया गया है।
 
कपड़ा व्यापारी सेक्टर 9/811 निवासी कैलाश पुत्र नथूमल तोलानी ने देवनगर थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि साल 2015- 22 के बीच में जेके नगर शोभावतों की ढाणी निवासी अनस मोहम्मद पुत्र न्याज मोहम्मद और उसके पिता ने मिलकर उससे 2.83 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। इन लोगों ने उसे चौखा और रोहिट में जमीनें दिखाई थी। वक्त परिवादी अपना त्रिपोलिया और अमर नगर मार्केट में कोई निर्माण कार्य करवा रहा था। तब पूर्व क्रिकेटर न्याज मोहम्मद ने उससे मिला था। खुद को नगर निगम में होना बताया और कहा कि वह उसे चौखा और रोहिट मे जमीन दिला देगा। बाद में अपने पुत्र अनस मोहम्मद से मिलवाया। उसने खुद को आईपीएस अधिकारियों से अच्छी जान पहचान होने के साथ फोटो आदि दिखाएं थे।

बाद में 2.83 करोड़ रुपये परिवादी से दो किस्तों में यह कहकर लिए गए कि अनस मोहम्मद की शादी करानी है और उसका ससुर कैंसर पीडि़त है और शादी धूमधाम से करना चाहता है। तब झांसे में आकर यह रकम दी गई थी। मगर जब जमीन नहीं मिली और रुपये की डिमाण्ड की तो वह पिता पुत्र ने मिलकर जान से मरवाने की धमकी दी। खुद की पहचान हिस्ट्रीशीटरों से होना भी बताया था। झूठे मुकदमें में फंसाने के लिए पुलिस अधिकारियों का सहारा लेना बताया था। देवनगर पुलिस ने अब घटना के संबंध में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। जिसकी जांच की जा रही है।
 
सनद रहें कि अनस मोहम्मद को गत दिनों पुलिस ने धोखाधड़ी के एक प्रकरण में गिरफ्तार किया था। उसने हिस्ट्रीशीटर सेना से बर्खास्त उम्मेद सिंह को पॉक्सो केस में एफआर लगाने का बोला था फिर धोखे से 18 लाख से ज्यादा की ठगी की थी। जिस बारे में एसीपी पश्चिम चक्रवर्ती सिंह राठौड़ द्वारा जाचं की जा रही है। वह पुलिस अभिरक्षा में चला आ रहा है। उसने कई पुलिस अधिकारियों के साथ उनके जन्म दिन पर फोटो खिंचवाने के साथ गुलदस्तें भी भेंट किए है। यह मामला शहर में आज भी चर्चा का विषय बना हुआ है। उसका पिता न्याज मोहम्मद पूर्व क्रिकेटर रह चुका है। अब पिता पुत्र दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस देवनगर थाने में दर्ज हुआ है।