जयपुर । राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत  ने  विजन डाक्यूमेंट 2030 पर लोगों से सुझाव लेने के लिए वेबसाइट की लॉन्च की है। राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले कम से कम 1 करोड़ प्रदेशवासियों को इसमें इनवॉल्व किया जाएगा। प्रदेश सरकार 23 अगस्त से 15 सितंबर तक जिला और संभाग स्तर पर सर्वे करेगी। इसपर जनता से सुझाव लिए जाएंगे। सभी स्कूल-कॉलेजों में मिशन-2030 विषय पर निबंध प्रतियोगिताएं होंगी, वीडियो कॉन्टेस्ट चलेगा।
जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम में सीएम अशोक गहलोत ने प्रदेश के 48 जिलों से एक साथ संवाद किया। mission2030.rajasthan.gov.co.in पर अलग-अलग क्षेत्र के विशेषज्ञ, विभिन्न सरकारी विभागों के सदस्य और आम जनता, युवा, स्टूडेंट सभी अपने विचार दर्ज करा सकेंगे। विभागों की इस मिशन में बड़ी भूमिका होगी। इस अभियान के तहत आमजन की भागीदारी के लिए घर-घर जाकर भी लोगों से सुझाव लिए जाएंगे।
बिड़ला ऑडिटोरियम में शॉर्ट फिल्म के जरिए मिशन 2023 को समझाया गया। इसमें मिशन राजस्थान-2023 के लिए जन सम्मान, जय राजस्थान का नारा दिया गया है। सरकार सितंबर के अंत में विजन 2030 डॉक्यूमेंट जारी करेगी। सीएम ने कहा, मैंने कहा सपना देखना सभी का हक है। डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम ने भी यह बात कही थी। सरकार लोगों को पहचान दे, जो 2030 विजन डाक्यूमेंट निकलेगा। चाहे प्रवासी राजस्थानी हों या राजस्थान के लोग हैं, उन सबको इनवॉल्व करना चाहिए।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा, राजस्थान का प्रत्येक नागरिक अपने आप को इसमें शामिल करें। तब जाकर मिशन 2030 का जो प्रोग्राम हम लेकर चल रहे हैं, उस पर हम आगे बढ़ पाएंगे। मैं आह्वान करना चाहूंगा कि आप अपने सुझाव देने के लिए तत्पर रहें। अपनी भूमिका मिशन 2030 में रखें। ये अभियान 2 महीने चलेगा।