लखनऊ । करीब दो साल बाद होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए उप्र की योगी सरकार ने अभी से कमर कस ली है। मुख्यमंत्री योगी ने मंत्रियों द्वारा मंडलीय दौरों के सकारात्मक असर को देखते हुए अब अगस्त महीने के लिए उनके मंडल बदल दिए हैं। राज्यमंत्रियों को भी अब दूसरे मंत्रियों के साथ लगा दिया गया है। संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना को गोरखपुर की जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी व राज्यमंत्री दिनेश खटीक लगाए गए हैं। वहीं दोनों उपमुख्यमंत्रियों को मंडल दौरे से इस बार मुक्त रखा गया है।
योजना के मुताबिक अब मंत्री नए मंडल के जिलों के दौरे पर जल्द निकलेंगे। उनके द्वारा दी गई रिपोर्ट व इन्हीं मंडलों में दूसरे मंत्रियों द्वारा दी गई रिपोर्ट का मिलान होगा। कमियां उजागर होने पर समाधान न होने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक अलग से जिलों के विकास कार्यों की हकीकत देखेंगे और मंत्रियों के मंडलीय दौरों की रिपोर्ट से मिलान कर देखेंगे कि कहां सुधार की जरूरत है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो विभिन्न जिलों का सघन दौरा पहले से करते रहे हैं। इस तरह सीएम व दोनों उप मुख्यमंत्री 25-25 जिलों का विभिन्न चरणों में दौरा करेंगे। वहीं छह-छह मंडल में आने वाले जिलों का दौरा व समीक्षा हो जाएगी। इसके जरिए कानून-व्यवस्था, विकास कार्य व प्राथमिकता वाले कामों की बेहतर निगरानी हो सकेगी।
फेरबदल के बाद अब वाराणसी मंडल की जिम्मेदारी स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह व राज्यमंत्री संजीव गौंड पर होगी। तो वहीं लखनऊ मंडल का भार जितिन प्रसाद, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल व राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह के कंधों पर रखा गया है। इसी प्रकार झांसी मंडल-डॉ. संजय निषाद, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर, राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर, मेरठ मंडल-नन्दगोपाल गुप्ता नन्दी, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप, राज्यमंत्री बृजेश सिंह, अलीगढ़ मंडल-सूर्यप्रताप शाही, राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल, जसवंत सैनी, सहारनपुर मंडल-बेबीरानी मौर्य, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल, राज्यमंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी, अयोध्या मंडल-लक्ष्मी नारायण चैधरी, राज्यमंत्री राकेश राठौर, रामकेश निषाद, मुरादाबाद मंडल-धर्मपाल सिंह, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी, राज्यमंत्री संजय गंगवार, आजमगढ़ मंडल-भूपेंद्र सिंह चैधरी, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्यमंत्री सुरेश राही, कानपुर मंडल-अनिल राजभर, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अरुण कुमार सक्सेना, राज्यमंत्री केपी मलिक, चित्रकूट मंडल-राकेश सचान, राज्यमंत्री अनूप प्रधान, विंध्याचल मंडल मीरजापुर-योगेंद्र उपाध्याय, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण, प्रयागराज मंडल-जयवीर सिंह, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव, राज्यमंत्री मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’, बरेली मंडल-अरविंद कुमार शर्मा,राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति, राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, आगरा मंडल-आशीष पटेल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी, बस्ती मंडल- रवींद्र जायसवाल (स्वतंत्र प्रभार), राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, देवीपाटन मंडल-दिनेश प्रताप सिंह (स्वतंत्र प्रभार) तथा राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख को सौंपा गया है।