नई दिल्ली। पड़ोसी मुल्क चीन में अजीब सा सन्नाटा है। चीन के विदेश मंत्री किन गांग लापता बताए जा रहे हैं। उन्हें 25 जून के बाद से सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया। ऐसे में चीन समेत दुनियाभर में कयास लगने लगे हैं कि वह गए तो गए कहां? लेकिन विदेश मंत्री की गुमशुदगी का यह मामला सात समंदर पार एक अमेरिकी पत्रकार से भी जुड़ा हुआ है।
चीन के विदेश मंत्री किन गांग को राष्ट्रपति शी जिनपिंग का बेहद करीबी माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि चीन के विदेश मंत्री और स्टेट काउंसलर के पद तक उनकी तरक्की दोगुनी रफ्तार से हुई है। लेकिन अब उतनी ही हैरानी उनके रहस्यमय तरीके से गायब होने की भी है।
विदेश मंत्रालय ने विदेश मंत्री किन गांग के गायब होने को लेकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना है कि फिलहाल अभी विदेश मंत्री कहां है, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। शुरुआत में यह कयास चलाए जा रहे थे कि स्वास्थ्य कारणों की वजह से वह सार्वजनिक तौर पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। लेकिन सोशल मीडिया कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है।
चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विदेश मंत्री गांग के अमेरिका में चीनी मूल की न्यूज एंकर के साथ कथित संबंधों की चर्चाएं हो रही हैं। चीन में जन्मी और कैंब्रिज में पढ़ी टीवी एंकर ने पिछले साल नवंबर में एक बच्चे को जन्म दिया है। चीन के विदेश मंत्री की उम्र 57 साल है और वो पहले अमेरिका में चीन के राजूदत रह चुके हैं। उन्हें 25 जून को इंडोनेशिया में आसियान देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेना था लेकिन वो नहीं गए। उसके बाद से ही वो सार्वजनिक तौर पर नहीं देखे गए हैं।