जयपुर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में प्रदेश में 2500 किसानों के लिए कम लागत की प्याज भंडारण संरचनाओं के निर्माण हेतु 15.05 करोड़ रूपये के अनुदान के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इनके निर्माण से किसानों को प्याज भंडारण में आसानी होगी।
इन संरचनाओं के निर्माण की अनुमानित लागत 1.75 लाख रूपये प्रति इकाई है। इसमें किसान को निर्माण के लिए 50 प्रतिशत अनुदान राशि उपलब्ध करवाई जाएगी जो अधिकतम 87500 रूपये होगी। योजना में न्यूनतम 50 प्रतिशत लघु एवं सीमांत किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में आगामी 2 वर्षों के दौरान 5 हजार किसानों को कम लागत की प्याज भंडारण संरचनाओं के निर्माण के लिए अनुदान देने की घोषणा की थी।