मौजूदा चैंपियन फ्रांस को नेशंस लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में क्रोएशिया ने 0-1 से हरा दिया। वहीं इस हार से फ्रांस ने प्रतियोगिता का अपना खिताब गंवा दिया। अब उस पर दूसरी श्रेणी की लीग में खिसकने का खतरा मंडरा रहा है। मैच के पांचवें मिनट में क्रोएशिया को पेनाल्टी मिली, जिसका फायदा लुका मौड्रिच ने उठाते हुए टीम को बढ़त दिलाई। यह उनका क्रोएशिया के लिए 22वां गोल था। फ्रांस टीम में किलियन एम्बापे, करीम बेंजेमा और क्रिस्टोफर एनकूकू जैसे शीर्ष स्कोरर थे, लेकिन वह गेंद को नेट में डालने पर असफल रहे। मैच का सिर्फ एकमात्र गोल लुका ने किया। तालिका में डेनमार्क के नौ अंक हैं जो दूसरे स्थान की टीम क्रोएशिया से 2 अंक अधिक हैं। केवल ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीम ही आगे बढ़ेगी।ऑस्ट्रिया चार अंक लेकर ग्रुप में तीसरे स्थान पर है जबकि फ्रांस लगातार चार मैचों में जीत नहीं मिलने के कारण दो अंक के साथ अंतिम स्थान पर है। आखिरी स्थान पर रहने वाली टीम निचली श्रेणी की लीग में खिसक जाती है। उधर, एक अन्य मैच में शीर्ष पर चल रहे डेनमार्क ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर अंतिम चार में पहुंचने की अपनी संभावना को मजबूत किया।