खेरिया एयरपोर्ट में शनिवार से एक और फ्लाइट बढ़ रही है। इंडिगो कंपनी आगरा से हैदराबाद फ्लाइट शुरू करने जा रही है। 180 सीटर विमान से हैदराबाद पहुंचने में दो घंटे लगेंगे। हैदराबाद से आगरा की फ्लाइट की सीटें 85 प्रतिशत फुल हो चुकी हैं। कुछ ऐसा ही आगरा से हैदराबाद के लिए भी है। यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन शनिवार, मंगलवार और गुरुवार चलेगी।

खेरिया एयरपोर्ट से वर्तमान में तीन शहरों की फ्लाइट संचालित हैं। इसमें लखनऊ, बेंगलुरु और मुंबई फ्लाइट शामिल हैं। बेंगलुरु फ्लाइट सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को है। आगरा से मुंबई फ्लाइट तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को है। 30 सितंबर से लखनऊ की फ्लाइट बंद होने जा रही है।

पहली बार सीधी उड़ान सेवा की शुरुआत

इंडिगो कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि हैदराबाद के लिए पहली बार सीधी उड़ान सेवा शुरू की जा रही है। हैदराबाद से विमान दोपहर 1.55 बजे उड़ेगा और 4.05 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेगा। दोपहर 4.40 बजे उड़ान भरेगा और 6.40 बजे हैदराबाद पहुंचेगा। विमान 180 सीटर है। न्यूनतम किराया 4999 रुपये प्रति यात्री है।

दिया जाएगा वाटर कैनन सैल्यूट

खेरिया एयरपोर्ट में इंडिगो कंपनी का विमान जैसे ही पहुंचेगा। विमान को वाटर कैनन सैल्यूट दिया जाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन ने भारतीय वायुसेना से वाटर कैनन उपलब्ध कराने के लिए कहा है। वहीं यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए अर्जुन नगर गेट से लेकर एयरपोर्ट के गेट तक तीन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी होगा।

साढ़े 19 घंटे का है सफर

राजधानी एक्सप्रेस से आगरा से हैदराबाद पहुंचने में साढ़े 19 घंटे लगते हैं। वहीं अन्य अगर ट्रेनों की बात की जाए तो 22 घंटे से 24 घंटे तक लगते हैं।

अहमदाबाद की शुरू होगी फ्लाइट

इंडिगो कंपनी 29 अक्टूबर से आगरा से अहमाबाद की फ्लाइट को भी चालू कर सकती है। इस फ्लाइट को इसी साल एक अप्रैल से बंद किया गया था।