तवांग । जयपुर के बाद अब अरुणाचल प्रदेश में भूकंप के झटके महसूस ‎किए गए। ‎मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह-सुबह तवांग के पास भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.3 रही। फिलहाल भूकंप से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार भूकंप उस समय आया जब लोग अपने अपने घरों के अंदर सो रहे थे वहीं कुछ जागे थे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र अरुणाचल प्रदेश के तवांग से 64 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व (ईएसई) में था। भूकंप सुबह 6:56 बजे आया। गौरतलब है ‎कि कल राजस्थान से लेकर मणिपुर तक में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक घंटे में तीन बार धरती हिली और भूकंप के झटकों से सहमे लोग घरों से बाहर निकलते दिखे। इसी तरह मणिपुर के उखरूल में भी तड़के भूकंप के झटके महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3।5 मापी गई।
इससे पहले अरुणाचल प्रदेश में 11 जून को भूकंप आया था। भूकंप के झटके सुबह 6 बजकर 34 मिनट पर महसूस किए गए थे। भूकंप अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले में आया था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.2 रही और यह 33 किलोमीटर की गहराई में था। जानकारी बताते हैं ‎कि अरुणाचल प्रदेश में अकसर भूकंप आते रहते हैं। यह भारत के उत्तरी और उत्तरपूर्वी क्षेत्र दो विशाल टेक्टोनिक प्लेटों के बीच सीमा (भ्रंश क्षेत्र) पर स्थित है। इस कारण भूकंप के लिए यह रेड जोन में है। लोग यहां अकसर भूकंप के झटके महसूस करते है।