जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। यह विमान चंडीगढ़ से मुंबई जा रहा था। इस दौरान विमान में बैठे एक व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवा कर उसे एंबुलेंस की सहायता अस्पताल भेजा गया। यात्री का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इंडिगो की एक फ्लाइट ने सुबह 6:15 बजे चंडीगढ़ से मुंबई के लिए उड़ान भरी। रास्ते में शुभम नाम के यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया गया। सुबह 7 बजे के करीब जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की लैंडिंग करवाई गई। इसके बाद बीमार यात्री को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। करीब 20 मिनट बाद फ्लाइट जयपुर से मुंबई के लिए रवाना हो गई।