आपस में भिड़ रहे नेता, भाजपा को निशाना साधने के लिए मिला मौका


भोपाल। मध्य प्रदेश में मिशन 2023 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस में गुटबाजी हाबी है। ग्वालियर-चंबल में कांग्रेस में गुटबाजी इस कदर बढ़ गई है कि कांग्रेसी एक दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रहे हैं तो वही बीच सडक़ों पर मारपीट भी करने से नहीं चूकते हैं। ऐसे में सवाल यही उठता है कि आखिर कैसे कांग्रेस मिशन 2023 को फतह करेगी।
दरअसल, कांग्रेस भले ही ग्वालियर-चंबल अंचल में 34 में से 27 सीट जीतने का दावा कर रही है, लेकिन दूसरा पहलू ये भी है कि ग्वालियर-चंबल में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी अब सडक़ पर आने लगी है। जिसके चलते अब कांग्रेस के लिए भाजपा से ज्यादा बड़ी चुनौती अंदरूनी गुटबाजी और सडक़ पर पहुंच रही कलह को खत्म करना है।

लगातार सामने आ रही गुटबाजी
कुछ दिन पहले जोरा विधानसभा से टिकट की दावेदारी कर रहे संजय सिंह यादव और माटू यादव के सर्मथकों ने ग्वालियर में जमकर मारपीट और तोडफ़ोड़ की थी। ग्वालियर ग्रामीण से दावेदारी कर रहे साहब सिंह गुर्जर और प्रदेश महामंत्री दशरथ के बीच भी मारपीट हुई थी। घटना के बाद साहब सिंह पर एफआईआर दर्ज हुई थी। इसी तरह ग्वालियर सीट के लिए दावेदार कर रहे योगेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस की बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष के सामने ही बंदूक निकाल ली। वहीं कांग्रेस विधायक प्रवीण पाठक से नाराज होकर वार्ड 52 के करीब 15 पदाधिकारियों ने इस्तीफे दिए थे और विधायक पर अपमानित किए जाने समेत की गंभीर आरोप लगाए थे। इधर, ग्वालियर सीट पर दावेदार सुनील शर्मा और मितेंद्र समेत अन्य दावेदारों के बीच कोल्ड वॉर बढ़ रहा है।

भाजपा ने साधा निशाना
कांग्रेस की गुटबाजी पर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधा है। भाजपा के सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा कि कांग्रेस एक टूटा हुआ आशियाना है। कांग्रेस में संगठन नाम की कोई चीज नहीं है ना तो वहां कोई एसेसमेंट होता है ना ही कार्यकर्ताओं में अनुशासन है। कांग्रेस गुटों में बंटी हुई है, सिर्फ ग्वालियर-चंबल ही नहीं मध्यप्रदेश में कांग्रेस के अलग-अलग क्षत्रप है। सांसद शेजवलकर ने कहा कि ये तो अभी शुरुआत है। आगे-आगे देखिए कांग्रेस में सिर फुटौव्वल की स्थिति बनेगी। सडक़ों पर कांग्रेसियों में मारपीट हो रही है ये सिर्फ ग्वालियर चंबल अंचल ही नहीं बल्कि मध्य प्रदेश से लेकर केंद्रीय स्तर तक कांग्रेस में ऐसे ही हालात बने हुए है। कांग्रेस अपने ऐसे ही कर्मों से खत्म हो जाएगी।

कांग्रेस के सह प्रभारी ने बताया साजिश
ग्वालियर चंबल अंचल में कांग्रेस में चल रही गुटबाजी और आए दिन होने वाली शिकायतों मारपीट और स्नढ्ढक्र को लेकर पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह समेत अन्य नेता भी नाराजगी जता चुके है। वहीं ग्वालियर चंबल अंचल में भाजपा सहित सभी दिग्गज नेताओं को टारगेट कर रही कांग्रेस इन घटनाओं को छोटी मोटी बातें बता रही है। कांग्रेस के सह प्रभारी शिव भाटिया का कहना है कि कांग्रेस एकजुट है।-छोटी-मोटी घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो बाकी सब भारतीय जनता पार्टी की साजिश है जो कांग्रेस को गुटबाजी के नाम पर बदनाम कर रही है। यहां यह भी बता दें कि ग्वालियर चंबल अंचल में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों में गुटबाजी चल रही है लेकिन भाजपा की गुटबाजी अंदर खाने हैं तो वहीं कांग्रेस की गुटबाजी और लड़ाई सडक़ों पर आ रही है। यही वजह है कि भाजपा कांग्रेस पर निशाना साध रही है तो वहीं कांग्रेस इसे भाजपा की साजिश बताकर पार्टी में ऑल इज वेल होने का दावा कर रही है।