बुलंदशहर। बुलंदशहर में ओयो होटल के संचालन के लिए 2 गुटों में जमकर फायरिंग हुई। एक गुट की फायरिंग में गोली लगने से एक की मौत हो गई। दोनों तरफ से कम से कम 25 राउंड गोलियां चलाई गईं। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लेने का दावा किया है।
  यह मामला बुलंदशहर के औरंगाबाद अहीर गांव के निकट का है जहां दो गुटों में जमकर फायरिंग हुई। खौफनाक वारदात सनोटा पुलिस चौकी से महज एक  किलोमीटर दूर हुई। फायरिंग के दौरान ताबड़तोड़ चली गोलियों से नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद थाना गुलावठी कोतवाली पुलिस सीओ सिकंदराबाद व एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
  पुलिस के मुताबिक ओयो होटल को लेकर धीरज और प्रतिद्वंदी गुट के बीच समझौता वार्ता चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में गर्मा गर्मी होने के बाद विवाद बढ़ गया और फिर अचानक फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग के दौरान एक गोली विकास यादव नाम के शख्स के सीने में जा लगी। आनन-फानन में घायल विकास को नोएडा के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक विकास के पिता गजेंद्र सिंह ईसापर गांव के बीडीसी सदस्य हैं। विकास यादव दिल्ली जल बोर्ड सेक्टर 27 रोहिणी में कर्मचारी है।