TET परीक्षा के विरोध में उतरे भाजपा के पूर्व विधायक, सीएम को लिखी चिट्ठी
भोपाल। प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षक के रूप में 25 सालों से अधिक के समय से काम कर रहे शिक्षकों की सेवानिवृत्ति से पहले परीक्षा लेने के फैसले के विरोध में भाजपा के पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार ने सीएम मोहन यादव को पत्र लिखा है. वहीं इधर, शिक्षक संगठनों की ओर से आज प्रदेशभर में प्रदर्शन दर्ज करके कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इस पूरे मामले में राज्य कर्मचारी संघ द्वारा मुख्य सचिव को आदेश वापस लेने के लिए और सरकार की ओर से रिव्यू पिटीशन दायर करने का पत्र लिखने के बाद अब मध्य प्रदेश शासकीय शिक्षक संगठन के आह्वान पर पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया जाएगा. इस प्रदर्शन के दौरान एमपी सरकार से अन्य राज्यों की तरह सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर करने की मांग की जाएगी।
सरकार ने नहीं सुनी तो शिक्षकों का साथ देंगे – भाजपा पूर्व विधायक
सुसनेर से भाजपा के पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह को पत्र लिखे हैं. पत्र में कहा गया है कि प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में वर्षों से समर्पण भाव से अल्प वेतन के साथ शिक्षा दे रहे लाखों शिक्षक, जो शिक्षाकर्मी और संविदा शाला शिक्षक के रूप में नियुक्त हुए थे, वे सभी शिक्षक शिक्षा व्यवस्था को बेहतर और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि आयुक्त लोक शिक्षण कार्यालय से जारी पत्र के बाद प्रदेश का समग्र शिक्षक समाज हतप्रभ है कि इतने लंबे अनुभव और कार्यसिद्धि के बाद सभी शिक्षकों को शासकीय सेवा से खुद को फिर से साबित करना होगा. इस आदेश से भ्रम और व्यापक असंतोष की स्थिति बन रही है. इससे शिक्षक समाज के सभी साथी चिंतित और असुरक्षित महसूस का रहे हैं और आंदोलन की तरफ अग्रसर होते जा रहे हैं।
सीएम और स्कूल शिक्षा मंत्री से किया आग्रह
पाटीदार ने आगे कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री से आग्रह किया है कि इस मामले में संज्ञान लेते हुए संबंधित निर्देश को निरस्त करें. इसके साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश और शिक्षा का अधिकार अधिनियम को ध्यान में रखते हुए शासन स्तर पर सकारात्मक पहल के साथ ही एक ऐसा मार्ग निकाला जाए, जिससे शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को किसी भी प्रकार की अपमानजनक प्रकिया से न गुजरना पड़े। उन्होंने कहा कि अधिकार अधिनियम में संशोधन भी किया जाए. पूर्व विधायक ने चेतावनी भी दी है कि यदि इस मामले में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं कि गई, तो शिक्षक समाज के लोगों के साथ स्वयं आंदोलन का समर्थन करेंगे।
राजधानी समेत कई जिला मुख्यालायों में आज प्रदर्शन
राजधानी भोपाल में आज शाज 4 बजे प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट कार्यालय में एकत्रित होकर टीईटी (TET परीक्षा) परीक्षा के विरोध में प्रदर्शन करेंगे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे. संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कौशल ने बताया कि लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय के 2 मार्च 2026 के आदेश में प्रदेश के लाखों शिक्षकों को सरकार ने टीआईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने के निर्देश दिए हैं. जिससे शिक्षकों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है।

केमिकल टैंक में जहरीली गैस का कहर, तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत
भोपाल नगर निगम कार्यालय में लोकायुक्त का छापा, फर्जी बिल घोटाले की जांच