सीहोर ।     सीहोर में भगोरिया मेला सप्ताह भर से चल रहा है। इस बार भगोरिया मेले में जमकर भीड़ जुट रही है। भगोरिया मेला ब्रिजिशनगर में शनिवार को आयोजित किया गया। आदिवासी समाज के लोगों ने नृत्य कर पारंपरिक त्योहार का आनंद लिया। इधर, लोकसभा क्षेत्र विदिशा से भाजपा उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज (शनिवार) विधानसभा क्षेत्र इछावर के ग्राम ब्रिजिशनगर पहुंचे। यहां आयोजित भगोरिया मेले में शामिल होकर उन्होंने सभी लोगों को होली और भगोरिया पर्व की शुभकामनाएं दी। वहीं, आदिवासियों के साथ जमकर नृत्य भी किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह भी साथ थीं। होली के पहले आदिवासियों का लोक पर्व भगोरिया चल रहा है और लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार भी धीरे-धीरे जोर पकड़ता जा रहा है। चुनावी जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी के विदिशा संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्राम ब्रिजिशनगर पहुंचे, जहां आयोजित भगोरिया मेले में शामिल हुए और आदिवासियों के बीच पहुंचकर उन्होंने ढोल भी बजाया। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनजातीय संस्कृति की विविधता एवं समृद्धता अद्भुत है और भगोरिया पर्व अनुशासन और आनंद का पर्व है। हमारे जनजातीय पर्व, उनका उत्सव और आनंद बना रहे। चौहान ने सभी को भगोरिया और होली पर्व की शुभकामनाएं भी दी।उल्लेखनीय है कि सीहोर जिले में हर साल आदिवासी अंचल में भगोरिया पर्व की होली के दौरान काफी धूम रहती है और आज ग्राम ब्रिजिशनगर में भगोरिया पर्व के दौरान मेला लगा, जिसमें भगोरिया के रंग शिवराज भैया के संग कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया था।

युवक-युवतियां झूमे, चकरी का आनंद लेते दिखाई दिए

मेले में रंग-बिरंगे परिधानों में आदिवासी युवक-युवतियां झूमे और चकरी का आनंद लेते दिखाई दिए। वहीं, बांसुरी की तान फाल्गुन मास का सुरों से जैसे स्वागत करती प्रतीत हुई। मेले में ढोल-मादल की थाप पर आदिवासी युवक-युवतियां जमकर थिरकीं। टोलियां मेले की खूबसूरती में चार चांद लगा रही थीं। इस बार डीजे की अगुवाई में जुलूस निकला, जिसमें आदिवासी समाज प्रमुख साफा बांधकर निकले। भगोरिया हाट में जुलूस के दौरान आदिवासी गानों पर नृत्य में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं।