कर्नाटक में हिजाब विवाद के बाद एक नया मामला उग्र हो गया है। कर्नाटक के शिवमोगा में रविवार रात हुई बजरंग दल कार्यकर्ता हर्षा की मौत के मामले में मंगलवार सुबह भी आगजनी और हिंसा हुई। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 12 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।  गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान काशिफ, नदीम, आसिफ और रिहान के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 20 साल है। इन लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सी प्रताप रेड्डी ने कहा कि मंगलवार सुबह तुंगानगर में कुछ वाहनों को जला दिया गया। जबकि इस इलाके में सीआरपीसी की धारा 144 लागू है। इसमें शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारियां कर ली गई हैं। जल्द ही अन्य गिरफ्तारियां की जाएंगी।

हर्षा की हत्या को लेकर शहर और आसपास के कुछ इलाकों में बहुत तनावपूर्ण स्थिति है। अतिरिक्त बलों को शिवमोगा में भेजा गया है। रेड्डी ने बताया कि हत्या के बाद शहर में आगजनी और हिंसा की 14 अलग-अलग घटनाएं हुईं है। हत्या और आगजनी के तीन मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। बाकी मामलों में भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। इन घटनाओं में जिनका नुकसान हुआ है, पुलिस उनका पता लगाने की कोशिश कर रही है।रविवार रात शहर के भारती नगर में कथित कौर पर कार में आए कुछ लोगों ने चाकू मारकर बजरंग दर के कार्यकर्ता हर्षा की हत्या कर दी थी। पुलिस को इस हत्या में सात लोगों के शामिल होने का संदेह है।घटना के बाद से ही शिवमोगा में हालात तनावपूर्ण हैं। फिलहाल पूरे इलाके में धारा 144 लागू है।