नई दिल्ली| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (दो अक्टूबर, 2022) को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन किया। बापू की 153वीं जयंती पर वह देश की राजधानी दिल्ली में बने राजघाट पहुंचे।
वहां सभी को नमस्कार करते हुए पीएम ने एंट्री ली और फिर गांधी के समाधि स्थल के पास जाकर सिर झुका नमन किया। उन्होंने इसके बाद समाधि पर फूल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और फिर 'परिक्रमा' की। पीएम जब राजघाट पहुंचे थे, तो वहां उनके साथ केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी पीछे थे।
दिल्ली में यमुना के पश्चिमी किनारे पर बापू की समाधि है। काले संगमरमर से बनी इस समाधि पर उनके अंतिम शब्द 'हे राम' लिखा है। वैसे, राजघाट मौजूदा समय में एक बेहतरीन और खूबसूरत उद्यान का स्वरूप ले चुका है। यहां सुंदर फव्वारे और अनेक किस्म के पेड़ हैं। पास ही शांति वन में भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की समाधि भी है। भारत आने वाले विदेशी उच्चाधिकारी गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट जरूर आते हैं।भारत के इतिहास में दो अक्टूबर बेहद खास दिन रहता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इस दिन न सिर्फ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म (दो अक्टूबर 1869) हुआ था, बल्कि शास्त्री भी इसी दिन पैदा हुए थे। पीएम ने बापू के बाद देश के दूसरे पीएम को भी उनके समाधि स्थल पर जाकर श्रद्धांजलि दी।