जयपुर । राज्यपाल कलराज मिश्र ने राजभवन में अनौपचारिक कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली के पावन पर्व की मिठाई एवं उपहार वितरित किए। उन्होंने कहा कि दीपावली रोशनी से जुड़ा ही बड़ा पर्व नहीं है बल्कि यह स्वच्छता को आत्मसात करने का भी पावन पर्व है। उन्होंने दीप पर्व पर सर्व कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया। 
मिश्र ने दीप पर्व को उजास का संवाहक बताते हुए सर्वत्र समानता के भाव विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला पावन पर्व है। उन्होंने दीपावली पर सभी के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव सुबीर कुमार एवं प्रमुख विशेषाधिकारी श्री गोविन्द राम जायसवाल सहित राजभवन के अधिकारीगण और कर्मचारीगण मौजूद रहे।